पुलिस के अनुसार यह युवती एक प्ले स्कूल में पढ़ाती थी। वह सुबह अपने घर से रूटीन की तरह स्कूल के लिए निकली थी। तकरीबन 100 कदम की दूरी पर युवती ने अपने कपड़े बदल लिए थे। आंबेडकर रोड पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में वह कैद हुई।
पुलिस ने जब युवती के घर से लेकर शिव चौक तक सीसीटीवी फुटेज चेक की तो सामने आया कि युवती जब घर से निकली तो उसने स्कूल के ड्रेस कोड के हिसाब से कपड़े पहन रखे थे।
लेकिन जब उसको शिव चौक के आसपास सीसीटीवी कैमरे में देखा गया तो उसने जींस और टी-शर्ट पहन रखी थी। जिस जगह से कपड़े बदले गए, उसका फासला काफी कम है। पुलिस इसकी जांच कर रही है कि उसने आखिर किसके घर पर कपड़े बदले थे।
उधर मामला तब और पेचीदा हो गया जब साइबर सेल ने युवती के सोशल मीडिया अकाउंट्स की जांच की। युवती फेसबुक व इंस्टाग्राम पर दुबई में रह रहे नदीम नाम के एक पाकिस्तानी युवक से चैट करती थी।
घर से निकलने के बाद ही युवती ने अपने फेसबुक अकाउंट के कवर पेज को बदला, जिस पर अंग्रेजी में 'द स्टार्ट ऑफ ए न्यू जर्नी' अंकित है। जिसका अर्थ है एक नए सफर की शुरुआत।
अब युवती की इन संदिग्ध गतिविधियों से पुलिस उसके किसी बड़े नेटवर्क में फंसने का अंदेशा जता रही है। वहीं परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। युवती की अखिरी लोकेशन दिल्ली एयरपोर्ट पर मिली थी।
इसके बाद उसका फोन स्विच ऑफ हो गया। वहीं फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) दिल्ली आज मेरठ पुलिस को इस मामले में रिपोर्ट सौंपेगा, जिससे यह साफ हो सकेगा कि वह देश में ही है या विदेश पहुंच गई है।