प्रेसवार्ता में प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
महानगर में कूड़ा निस्तारण नहीं हो रहा है। शहर में घुसते ही कूड़े के पहाड़ दिखते हैं। लोहियानगर कूड़ा प्लांट पर खाली बेल्ट घुमाकर करोड़ों का भुगतान हो गया। ऐसे कई सवाल मीडिया ने प्रभारी मंत्री धर्मपाल सिंह से किए। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जल्द ही कूड़ा निस्तारण के लिए प्लांट लगाया जाएगा। मेरठ में कूड़े से कंचन बनेगा। मीडिया ने कंचन का मतलब पूछा तो प्रभारी मंत्री ने जवाब दिया कि सोना बनेगा। यह सुनकर सभी हैरान रह गए।
प्रेसवार्ता में मीडियाकर्मियों ने प्रभारी मंत्री से सवाल पूछा कि लोहियानगर में कूड़ा प्लांट पर भ्रष्टाचार की पोल नगर आयुक्त ने सीसीटीवी से खोली है। वहां पर खाली बेल्ट घूम रही थी और भुगतान हो रहा था। कूड़ा निस्तारण नहीं कराया जा रहा है। इस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि महापौर और नगर आयुक्त से बातचीत की है। उन्होंने जल्द ही एनटीपीसी द्वारा कूड़ा प्लांट लगाने की बात कही, जोकि कूड़े से कोयला बनाएगा। कूड़ा प्लांट की प्रक्रिया तेजी से चल रही है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि मेरठ में कूड़े का जल्द निस्तारण कराया जाएगा। यहां कूड़े से कंचन बनेगा। कंचन क्या होता है, इस पर प्रभारी मंत्री बोले कि सोना। हालांकि कंचन का मतलब धन, संपत्ति और कोमल भी होता है। बाद में महापौर हरिकांत अहलूवालिया ने बताया कि एनटीपीसी द्वारा कूड़े से कोयला और बिजली बनेगी, जिससे पैसा भी मिलेगा। इसको देखते हुए ही प्रभारी मंत्री ने कंचन का नाम लिया है।
पाकिस्तान से जुड़े संभल हिंसा के तार
धर्मपाल सिंह ने कहा कि संभल हिंसा के तार पाकिस्तान से जुड़े हैं। वर्तमान में संभल में पूरी तरह शांति व्यवस्था है। विपक्षी नेता वहां पर आग लगाने जा रहे हैं। विकास भवन सभागार में बुधवार को पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि संभल हिंसा में पाकिस्तान के खोखे पाए गए हैं। सरकार ने न्यायिक आयोग का गठन किया है। शीघ्र ही दूध का दूध व पानी का पानी हो जाएगा। सांसद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को संभल जाने से रोकने के सवाल पर कहा कि ये लोग वहां आग लगाने जा रहे हैं। उन्हें आग नहीं लगाने दी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इस बार डिजिटल कुंभ होगा। दुनिया का कोई भी व्यक्ति घर बैठे महाकुंभ की गतिविधियां देख सकेगा।