मेरठ मेडिकल कॉलेज में प्राचार्य के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन करते कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
लाला लाजपत राय मेमोरियल मेडिकल कॉलेज में स्टैंड के ठेके का विवाद तूल पकड़ता जा रहा है। सभी कर्मचारी सपा नेता के खिलाफ लामबंद हो गए हैं। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने मामले की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है। पुलिस ने दस दिन में चार्जशीट दाखिल करने का आश्वासन दिया है। पिछले सप्ताह मुख्य स्टैंड के ठेके को लेकर सपा नेता नरेश राणा, मेडिकल के कर्मचारी राकेश सक्सेना के बीच विवाद हुआ था।
राकेश सक्सेना ने लिखित में शिकायत की थी, जिस पर मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सपा नेता के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लेकिन आरोपी की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई। सोमवार को कर्मचारी प्राचार्य कार्यालय पर पहुंचे और हंगामा किया। सीओ सिविल लाइन बीएस वीर कुमार व एसओ मेडिकल मौके पर पहुंचे। कर्मचारियों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग उठाई। उन्होंने हड़ताल की चेतावनी दी। सीओ ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, लेकिन वह हाथ नहीं लग रहा है।
प्राचार्य डॉ. केके गुप्ता ने कर्मचारियों से कहा कि पुलिस आपके साथ है। आप भी धैर्य रखें। सीओ ने कहा कि 10 दिन में आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करेंगे। कर्मचारी नेता एमके शुक्ला व विपिन त्यागी ने सपा नेता का साथ देने वाले छात्रों पर भी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कहा कि आप छात्रों के खिलाफ साक्ष्य लाइये, बाकी काम पुलिस करेगी। कॉलेज प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंप दी है।
एक घंटे तक चलेगा धरना
कर्मचारियों ने पुलिस और कॉलेज प्रशासन की बात मान ली है। लेकिन चार्जशीट दाखिल न होने तक प्रतिदिन एक घंटा प्राचार्य कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। कर्मचारियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित नहीं किया जाएगा, लेकिन 11 से दोपहर 12 तक शांतिपूर्ण तरीके से धरना देंगे। इस दौरान जयंती प्रसाद, संजय, रवि शंकर, ललिता प्रसाद, अशोक गुप्ता, दिनेश राणा, राम निवास, संजीव, बबीता गोस्वामी, अंजना मौजूद रहे।