रामनगर निवासी भारतवीर ने रुपये के लेनदेन को लेकर कुछ युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया था। पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने गई तो कुछ लोगों ने घेर लिया और मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
गांव सठला में मवाना थाना पुलिस के साथ हाथापाई और मारपीट की गई। एक पुलिसकर्मी के कपड़े उतारकर बदतमीजी की गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
विज्ञापन
मवाना थाना पुलिस मंगलवार देर शाम गांव सठला निवासी एक बदमाश को गिरफ्तार करने के लिए आई थी। वहां सठला निवासी दिल्ली के बदमाश के साथ मौजूद लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया और हाथापाई व मारपीट की। वहीं पुलिस के साथ गया एक युवक मारपीट में घायल हो गया।
घटना का विडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक पुलिस वाले को कुछ लोगों ने पकड़ रखा है और वह अर्द्धनग्न हालत में है। यह पुलिसकर्मी थाने की सरकारी जीप का चालक है। वहीं पुलिस इस घटना से इंकार कर रही है और मामला रामनगर निवासी युवक के साथ मारपीट का बता रही है।
इस मामले में रामनगर निवासी भारतवीर ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया है कि उसका पुत्र नितिन मंगलवार शाम 8.30 बजे गांव सठला निवासी अब्दुल कादिर से उधार के पैसे मांगने उसके फार्म पर गया था। पैसे मांगने पर अब्दुल कादिर उसके पुत्र को परीक्षितगढ़ मार्ग पर कैफे के पास लेकर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद अब्दुल कादिर के भाई तलहा व साथी गुलाब व अन्य लोगों ने नितिन पर लाठी, डंडों, सरियों से हमला कर दिया। नितिन के गुम चोट आई और बायां पैर टूट गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो उसके साथ हाथापाई की गई। पुलिस ने मौके से गुलाब के पास देसी पिस्टल, दो कारतूस, एक सरिया व एक डंडा बरामद किया है। अब्दुल कादिर, तलहा व गुलाब के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से एक दिल्ली में अपराध करने वाला बदमाश बताया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ये बोले एसएसपी
एक युवक पर हुए हमले की सूचना पर मवाना थाना पुलिस मौके पर गई थी। गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस के साथ बदतमीजी की। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। - डा. विपिन ताडा, एसएसपी मेरठ