मेरठ में एक युवक अपनी पत्नी को तीन तलाक देकर सऊदी अरब भाग गया। इसके बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत की। पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो महिला गुरुवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। उसने पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
देहलीगेट निवासी युवती की शादी 11 साल पहले ब्रह्मपुरी निवासी युवक से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग महिला को प्रताड़ित करने लगे। पीड़ता के साथ मारपीट भी की गई। बेटी पैदा होने के बाद उस पर सितम और बढ़ गया। एक दिन देवर ने अभद्रता की तो उसने विरोध जताया। जिसके बाद विवाहिता को बुरी तरह पीटा गया, और मुंह बंद रखने की चेतावनी दी।
उसका पति सऊदी अरब में काम करता है। पति कुछ दिन पहले ही सऊदी अरब से लौटा और उसे तीन तलाक देकर वापस चला गया। पीड़िता ने ससुराल पक्ष के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ऑफिस पर शिकायत सुन रहे सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ला ने पीड़िता को न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।