मेरठ में टीपीनगर थाना क्षेत्र के पूठा रेलवे ट्रैक पर प्रेमी युगल ने मालगाड़ी के आगे कूदकर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस अभी शव ट्रैक से हटा ही रही थी कि तभी पैसेंजर ट्रेन वहां आ गई। बमुश्किल लोगों ने लाल कपड़ा दिखाकर ट्रेन को रुकवाया। इसके बाद शव ट्रैक से हटाए और ट्रेन को रवाना किया। युवक-युवती की मौत से दोनों के परिवार में कोहराम मचा है।
पूठा रेलवे ट्रैक पर सोमवार दोपहर करीब दो बजे युवक-युवती पहुंचे और मालगाड़ी के आगे कूद गए। आस-पास मौजूद लोगों ने यह देखकर शोर मचा दिया। कुछ लोगों की चीख तक निकल गई। ट्रेन के गुजरने के बाद लोग मौके पर दौड़े, तो दोनों शवों के चीथड़े उड़े हुए थे। लोगों ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। कुछ ही देर में टीपीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक डालचंद मौके पर पहुंचे। युवती के मोबाइल से मिले नंबर के आधार पर युवक की पहचान नितिन पुत्र विमल निवासी शोभापुर थाना कंकरखेड़ा और युवती की पहचान किठौर निवासी के रूप में हो गई। परिजनों से बात हुई तो घर में कोहराम मच गया। थोड़ी देर बाद युवक और युवती के परिजन भी वहां आ गए। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों से बात की गई, लेकिन उन्होंने दोनों की आत्महत्या के कारणों से अनभिज्ञता जता दी। परिजनों का कहना था कि कुछ समय पहले दोनों के रिश्ते के बारे में पता चला था। तब कुछ हंगामा हुआ था, लेकिन बाद में परिजन राजी हो गए थे। जल्द ही शादी होने वाली थी। दोनों ही पक्ष अनुसूचित जाति के हैं।