भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे युद्ध के बीच सीएमओ डॉ. अशोक कटारिया ने सभी चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। सीमा पर तनाव के चलते यह निर्णय लिया गया है। 24 घंटे स्टाफ को मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है। सभी पंजीकृत निजी चिकित्सालयों को दस बेड आरक्षित रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
लाला लाजपत राय मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी सहित सभी अस्पतालों के डाक्टरों और अन्य स्टाफ को फिलहाल छुट्टी नहीं मिलेगी। सीएमओ अशोक कटारिया ने सभी चिकित्सा अधीक्षक, प्रभारी चिकित्साधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को अपने कार्यालय में रहने के आदेश दिए हैं।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चार, जिला अस्पताल में 20 और मेडिकल कॉलेज में 50 बेड आरक्षित किए गए हैं। अस्पतालों में दवाओं के पर्याप्त इंतजाम रखने को भी कहा गया है। अस्पताल में सभी ग्रुप के रक्त की उपलब्धता के लिए रक्तदान शिविर लगाने के लिए कहा गया है।