मेरठ। किला रोड स्थित गेम सिटी एरेना में चल रहे अंडर 13 क्रिकेट टूर्नामेंट में शनिवार को मेरठ किंग्स और इनविसिबल वॉरियर्स के बीच मैच हुआ। इसमें मेरठ किंग्स ने दो विकेट से मैच जीता।
टॉस जीतकर मेरठ किंग्स ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए इनविंसिबल वॉरियर्स की टीम 18.3 ओवर में 150 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से पुरु नैन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 27 गेंद में 70 रन बनाए। मोहित कसाना ने 21 गेंद में 26 रन का योगदान दिया। मेरठ किंग्स की गेंदबाजी शानदार रही। विजय ने 4 विकेट लेकर विपक्षी टीम की कमर तोड़ दी और एबी महल ने 2 विकेट अपने नाम किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेरठ किंग्स की टीम ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाते हुए 18.1 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 152 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। टीम की ओर से वीरेंद्र नेगी बून ने 29 गेंद में 38 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। इनविसिबल वॉरियर्स की ओर से विकास चौहान ने 4 विकेट और तपन ने 2 विकेट लेकर मैच को रोमांचक बनाए रखा। आखिर में मेरठ किंग्स के हाथ जीत लगी। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए विजय को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया। इस मौके पर गेम सिटी एरेना के महाप्रबंधक नलिन अग्रवाल ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।