फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो करोड़ की चोरी का खुलासा: मेरठ में नौकरानी-कुक ने की वारदात, बुर्का पहनाकर भेजा दिल्ली

Fri, 30 Oct 2026 11:21 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ की डिफेंस कॉलोनी में स्पोर्ट्स कारोबारी के घर हुई दो करोड़ की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। नौकरानी और कुक समेत चार आरोपी गिरफ्तार, जेवर और 3.56 लाख रुपये बरामद।

विज्ञापन
आरोपी नौकरानी व कुक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेरठ के गंगानगर थाना क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में भल्ला स्पोर्ट्स के मालिक आशुतोष भल्ला के घर हुई सनसनीखेज चोरी का बृहस्पतिवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, घर की नौकरानी रोशनी ओराओन ने कुक जितेंद्र कुमार और उसके परिचितों के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी।

विज्ञापन


वारदात के दिन कारोबारी की 70 वर्षीय मां रेखा भल्ला को खाने में नशीली गोलियां मिलाकर दे दी गईं। उनके बेहोश होने के बाद घर से करीब दो करोड़ रुपये के आभूषण और नकदी समेट ली गई।

पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें घर का कुक कपसाढ़ निवासी जितेंद्र कुमार, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी निवासी नौकरानी रोशनी ओराओन, करनाल निवासी मीनू और उसका पूर्व पति देवबंद के रणखंडी गांव निवासी मनीष कुमार शामिल हैं।

विज्ञापन
Trending Videos

आरोपी नौकरानी व कुक - फोटो : अमर उजाला
खाने में नशीली गोलियां देकर की चोरी
गंगानगर की डिफेंस कॉलोनी स्थित ए-12 में आशुतोष भल्ला का परिवार रहता है। 26 अक्तूबर को घर में उनकी 70 वर्षीय मां रेखा भल्ला अकेली थीं। दोपहर करीब तीन बजे नौकरानी रोशनी ने उन्हें खाने में नशीली गोलियां मिलाकर खिला दीं। इससे वह बेहोश हो गईं। इसके बाद रोशनी और घर में करीब तीन साल से कुक का काम कर रहे जितेंद्र ने कमरे में रखी तिजोरी से आभूषण, नकदी और जरूरी सामान निकाल लिया। चोरी का सामान एक बैग में भरकर रोशनी घर से निकल गई।

बेगमपुल पर बदला बैग का ठिकाना, बुर्का पहनकर बस से गई दिल्ली
पुलिस के मुताबिक, रोशनी बेगमपुल पहुंची और वहां कुक जितेंद्र की बहन मीनू को बैग सौंप दिया। मीनू ने रोशनी को बुर्का खरीदकर पहनाया और उसे दिल्ली जाने वाली बस में बैठा दिया। इसके बाद मीनू और उसका पूर्व पति मनीष बाइक से बैग लेकर चले गए। मनीष ने मीनू को गांव के बाहरी छोर पर छोड़ दिया। उधर, रोशनी दिल्ली से बस में सवार होकर अपने प्रेमी नीरज के पास आगरा चली गई। कुक जितेंद्र घर में ही रुककर पुलिस की कार्रवाई पर नजर रखता रहा।

300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की पांच टीमें गठित की थीं। पुलिस ने घटनास्थल से लेकर दिल्ली, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर तक 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में नौकरानी रोशनी सोहराब गेट बस डिपो से बस में बैठकर जाती दिखाई दी। पुलिस ने उसे कानपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया।

पूछताछ में रोशनी ने कुक जितेंद्र के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने जितेंद्र को गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर बहन मीनू और पूर्व बहनोई मनीष तक भी पुलिस पहुंच गई। पुलिस के
अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में सभी आरोपी अलग-अलग स्थानों पर दिखाई दिए थे। कॉल डिटेल की जांच में भी चारों के एक-दूसरे के संपर्क में होने की जानकारी मिली।

आरोपी नौकरानी व कुक - फोटो : अमर उजाला
दो करोड़ के जेवर, प्राचीन सिक्के और 3.56 लाख रुपये बरामद
एसएसपी के अनुसार, आरोपियों के पास से पीली और सफेद धातु के विभिन्न आभूषण बरामद किए गए हैं। इसके अलावा सफेद धातु के 32 छोटे-बड़े सिक्के, पुराने देसी-विदेशी 111 सिक्के और आठ प्राचीन धातु मुद्राएं भी मिली हैं।

पुलिस ने पुराने 500 रुपये के 12 नोट यानी छह हजार रुपये और 3.50 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। कुल नकद बरामदगी 3.56 लाख रुपये बताई गई है। आभूषणों, प्राचीन मुद्राओं और सिक्कों का अनुमानित मूल्य करीब दो करोड़ रुपये आंका गया है।

कुक ने एक सप्ताह पहले बहन को बताई थी योजना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जितेंद्र ने घटना से करीब एक सप्ताह पहले ही अपनी बहन मीनू को चोरी की योजना के बारे में बता दिया था। उसने बहन को पैसों का लालच दिया था। इसके बाद मीनू दो दिन पहले मायके आने की बात कहकर ससुराल से निकली थी। वह अपने पूर्व पति मनीष के साथ बेगमपुल पहुंची थी, जहां उसने नौकरानी से बैग लिया।
विज्ञापन

आरोपी नौकरानी व कुक - फोटो : अमर उजाला
नौकरानी के प्रेमी की भूमिका की भी जांच
पुलिस ने नौकरानी रोशनी के फर्रुखाबाद निवासी प्रेमी नीरज की भूमिका की भी जांच की है। पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात रोशनी ने किसी यात्री के नंबर से नीरज को फोन किया था। इसके बाद नीरज ने उसे कानपुर स्टेशन पर बुलाया था। पुलिस ने वहां बुर्का पहने रोशनी को जांच के बाद गिरफ्तार किया। एसएसपी ने बताया कि नीरज की भूमिका की जांच अभी जारी है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का इनाम
घटना का खुलासा करने के लिए पांच पुलिस टीमें सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर काम कर रही थीं। बृहस्पतिवार को खुलासे के बाद एडीजी भानु भास्कर ने पुलिस टीम को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें