मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के पिलोखड़ी में अवैध रूप से संचालित वाटर लैंड स्विमिंग पूल में लापरवाही ने मासूम आकिल की जान ले ली। पुलिस की जांच में न तो स्विमिंग पूल का लाइसेंस मिला और न ही सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग ही मिल सकी। यहां लाइफ गार्ड और सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त होते तो बच्चे को बाहर लाने के लिए पानी नहीं निकालना पड़ता। खामियां मिलने के बाद पुलिस ने स्विमिंग पूल पर ताला लगा दिया है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि नगर निगम को इसकी रिपोर्ट भेजी जाएगी।
आकिल तारापुरी निवासी मो. युसूफ का दूसरे नंबर का बेटा था। यूसुफ ने बताया कि उनके परिवार में आकिल की मां नरगिस, बड़ी बहन निशा (15), तंजीम (8) और सबसे छोटा अलीजान (3) हैं। जब आकिल रात तक घर वापस नहीं लौटा तो पूरा परिवार परेशान हो गया। वह उसे गली मोहल्ले में तलाश रहे थे।