जानकारी के अनुसार मोहसीन का बुधवार को खतौली निवासी युवती से शादी हुई थी। सुहागरात के दिन ही वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात लगभग एक बजे मोहसीन कमरे से बल्ब लाने की बात कहकर गया, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा।
पुलिस ने तलाश शुरू की, जिसमें दौराला गंगनहर पुल पर सीसीटीवी फुटेज में वह रात 1:42 बजे देखा गया। इसके बाद पुलिस ने गंगनहर में डूबने की आशंका जताते हुए रविवार को पीएसी के गोताखोरों से अभियान चलाया। सोमवार को मोहसीन ने अपने परिजनों के मोबाइल पर कॉल कर हरिद्वार में होने की जानकारी दी।
इसके बाद पुलिस और परिजन हरिद्वार पहुंचे और शाम तक उसे थाने लेकर आए। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में मोहसीन ने बताया कि शादी के बाद सुहागरात के दिन वह बैचेन महसूस कर बृहस्पतिवार सुबह नानू पुल से बस में हरिद्वार चला गया। वहां वह होटल में रुका, लेकिन पैसे खत्म होने के कारण दो दिन भूखा रहा। फिलहाल पुलिस ने पूछताछ कर उसे सुरक्षित रूप से परिजनों को सौंप दिया है।