जानीखुर्द के गांव कुराली में रविवार सुबह चरणवती (70) की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। दादी के अंतिम संस्कार के बाद राहुल (24) की टिमकिया गांव के पास सड़क हादसे में मौत हो गई। एक दिन में दादी-पोते की मौत से परिवार में गम का माहौल है।
गांव कुराली निवासी राहुल उर्फ कल्लू पुत्र देवेंद्र की दादी चरणवती का दिल का दौरा पड़ने से रविवार सुबह मौत हो गई थी। दादी के अंतिम संस्कार के बाद शाम के समय पोता राहुल किसी काम से बाइक से रघुनाथपुर जा रहा था।
मेरठ-बागपत मार्ग पर गांव टिमकिया गांव के पास सामने से आ रहे एक वाहन से बचने के प्रयास में राहुल बाइक से नियंत्रण खो बैठा। बाइक सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। राहुल को पुलिस उपचार के लिए अस्पताल ले गई लेकिन उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
बताया गया है कि हादसे के दौरान उसने हेलमेट नहीं लगाया था। सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। राहुल प्राइवेट कंपनी में काम कर रहा था। वह दो भाइयों में छोटा था।