गृह मंत्रालय व महिला आयोग तक पहुंचा मामला
जागृति विहार में बच्चियों से दरिंदगी का मामला गृह मंत्रालय व महिला आयोग तक पहुंच गया। इस मामले में मेरठ पुलिस ने दोनों जगह पर शनिवार को रिपोर्ट भेज दी। सामाजिक कार्यकर्ता लोकेश खुराना ने इस मामले में हाईकोर्ट में एक रिट दायर करने की बात कही है।
जेल में बदलता रहा करवट
हैवान विमल चंद की शुक्रवार रात जेल में कटी। वरिष्ठ अधीक्षक जेल बीडी पांडेय ने बताया कि जेल में आरोपी रात भर करवट बदलता रहा। उसे सामान्य बैरक में रखा गया है। रात में जेल में उसने दो रोटी व दाल खाई।
एक बच्ची के परिजन भी सामने
चौथे दिन शनिवार को एक पीड़ित बच्ची के परिजन भी पुलिस के पास पहुंचे। महिला पुलिस को ही बच्ची ने आपबीती बताकर हैवान विमलचंद के घिनौने कारनामे बताए। जिस पर पुलिस ने एक और मुकदमा लिखने की बात कही है। पुलिस ने बच्ची और उसके परिजनों की भी काउंसिलिंग की है। उक्त बच्ची के परिजनों ने आरोपी को फांसी की सजा दिलाने की मांग की।
17 मुकदमे होंगे दर्ज
पुलिस के मुताबिक अभी तक पीड़ित चार बच्चियां सामने आई हैं। जिसमें एक बच्ची की मां की तरफ से केस दर्ज हुआ था। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और बयानों के मुताबिक 17 बच्चियों से दरिंदगी होने की बात सामने आई है। इन सभी बच्चियों की तलाश चल रही है। इनकी काउंसिलिंग कराई जाएगी। सभी बच्चियों की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
बहुत खराब था विमल का आचरण
हैवान विमल एलआईसी से सहायक प्रशासनिक पद से रिटायर्ड है। उसकी पोल खुलने पर एलआईसी के अधिकारियों ने विमल के बारे में बताया है। उनका कहना है कि विमल का आचरण पहले से ही खराब था। महिलाओं के प्रति बुरी नीयत रखता था। इसको लेकर एलआईसी में पहले कई बार विमल से मारपीट भी हुई। रिटायरमेंट और फिर पत्नी की मौत के बाद उसने यह घिनौनी हरकत और बढ़ा दी।
बयानों पर टिका केस
एसएसपी नितिन तिवारी के मुताबिक हैवान विमलचंद को सजा दिलाने के लिए पुलिस हर प्रयास करेगी। मजबूत विवेचना होगी। बच्चियों का मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया चल रही है। एक बच्ची के 164 के बयान हो चुके हैं जबकि दो बच्चियों के बाद में होंगे। जोकि बहुत महत्वपूर्ण हैं। मुकदमे के आधार पर पीड़ित तीनों बच्चियों की काउंसिलिंग कराई जा रही है। ताकि बच्चियां हैवान की असलियत की पोल 164 के बयानों में खोलें।