आस मोहम्मद ने पुलिस को बताया कि उनके तीन मंजिला मकान में प्रथम तल पर पावरलूम का कारखाना है। दूसरी व तीसरी मंजिल पर बेटे बिलाल व फरमान अपने परिवार के साथ रहते हैं। शुक्रवार सुबह दूसरी मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक से आग लग गई, जो कि कारखाने तक भी फैल गई।
कुछ देर में आग में विकराल रूप धारण कर लिया। ऊंची लपटें देखकर घर में मौजूद परिवार के सदस्यों में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर कारखाने में काम कर रहे मजदूर व पड़ोसी मौके पर पहुंचे। घर के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
पहली और दूसरी मंजिल पर फंसे परिवार के सदस्यों को रस्सी व सीढ़ी के सहारे नीचे उतारकर बचाया गया। एक घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। परिजनों के अनुसार घर व कारखाने में आग लगने से लाखों रुपए कीमत का सामान जलकर राख हो गया। एसपी सिटी आयुष विक्राम सिंह का कहना है कि कोई जनहानि नहीं हुई है।