मुबारिकपुर-मानपुर निवासी किसान टीकम सिंह उर्फ धम्मन के घर पर युवकों ने फायरिंग कर दी। एक गोली धम्मन के सिर को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, बाकी की तलाश की जा रही है।
भावनपुर थाना के गांव मुबारिकपुर-मानपुर में गालीगलौज का विरोध करने पर कार सवार लोगों ने एक मकान पर फायरिंग कर दी। गृह स्वामी टीकम सिंह उर्फ धम्मन सिर में गोली छूकर निकलने से घायल हो गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर एक नामजद आरोपी नवीन उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाकी की तलाश की जा रही है।
विज्ञापन
मुबारिकपुर-मानपुर निवासी किसान टीकम सिंह उर्फ धम्मन के घर पर 15 दिन पहले गांव का ही युवक जसवीर सिंह आया था। वह शराब के नशे मे धुत होकर गालीगलौज कर रहा था, जिसका विरोध करते हुए उसे भगा दिया। बुधवार सुबह टीकम सिंह उर्फ धम्मन अपने घर के बाहर बैठा हुआ था।
इसी दौरान दो कारों में सवार होकर आए जसवीर अपने बेटे मोनू उर्फ नवीन, सोनू और तीन-चार अज्ञात आरोपियों के साथ आया। हमलावरों ने गालीगलौज की, मारपीट करते हुए फायरिंग कर दी। एक गोली टीकम सिंह उर्फ धम्मन के सिर को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
टीकम सिंह ने मोनू उर्फ नवीन, जसवीर, सोनू सहित तीन-चार अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। जसवीर अपने परिवार के साथ काफी समय से मेरठ में पांडव नगर के मोहल्ला संजय नगर में रहता है। जबकि उसकी मां चंदो गांव में ही रहती हैं। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि घटना के संबंध में भावनपुर पुलिस ने पीड़ित की ओर से आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने एक नामजद आरोपी मोनू उर्फ नवीन को संजयनगर से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया। नवीन ने ही गोली चलाई थी। बाकी आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की दो टीम लगाई गई है।
गोली की आवाज पर दौड़े ग्रामीण
बुधवार सुबह गोली चलने की आवाज सुनकर टीकम सिंह उर्फ धम्मन के परिजनों सहित अन्य ग्रामीण भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों की भीड़ को आता देख हमलावर कार में सवार होकर भाग गए।
मौके पर मिले तीन खोखे
मानपुर में किसान के घर गोली चलने की जानकरी मिलते ही भावनपुर इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे। उन्होंने मामले की जानकारी की।