कोतवाली क्षेत्र के सराय बहलीम निवासी शकील को नौकरी का झांसा देकर पांच लोगों ने प्रतिबंधित दवा के साथ 11 दिन पहले दुबई भेज दिया। दुबई एयरपोर्ट पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। शकील की मां मिराज ने लिसाड़ीगेट क्षेत्र के चार और दिल्ली निवासी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। रुहासा निवासी युवक समेत कई अन्य को भी इसी तरह फंसाने का आरोप लगाया है।
सराय बहलीम निवासी मिराज ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उनके पुत्र शकील को लिसाड़ीगेट के पिल्लोखड़ी पुल के रहने वाले फैसल, शाहजेब, शफाअत उर्फ राजा, हाजी पप्पू और दिल्ली निवासी आलम ने दुबई में नौकरी का झांसा दिया। उससे कुछ रुपये लेकर घर से बुलाकर ले गए और एक सितंबर को दुबई भेज दिया।
आरोपियों ने कुछ दवाइयों के पैकेट यह कहकर दिए कि ये तुम्हें दुबई जाकर उस युवक को देने हैं, जो तुम्हारी नौकरी लगवाएगा और एयरपोर्ट पर लेने आएगा। दुबई में दिरहम करेंसी चलती है, तो जाकर दिरहम में कमाओ। एक दिरहम भारत के करीब 23 रुपये के बराबर है। लालच में आकर शकील चला गया। शकील को दुबई एयरपोर्ट पहुंचने पर वहां की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उस पर आरोप लगाया कि वह दुबई में प्रतिबंधित दवाई भारत से लेकर आया है। पुत्र की गिरफ्तारी की सूचना मिराज को मिली तो उन्होंने फैसल और उसके साथियों को इस बारे में बताया। आरोपी उन्हें टालते रहे।
शक होने पर मिराज ने जानकारी की तो पता चला कि आरोपियों ने 27 अगस्त को रुहासा गांव निवासी साहिब को भी इसी तरह नौकरी दिलाने का झांसा देकर प्रतिबंधित दवाई के साथ दुबई भेजा था। वह भी दुबई में गिरफ्तार हो गया। आरोप है कि पुत्र के बारे में पूछने पर फैसल और उसके साथियों ने कहा कि उनका यही धंधा है। पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने उनके पुत्र समेत कई अन्य लोगों को इसी तरह नौकरी का झांसा देकर फंसाया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि शकील और साहिब के बारे में दुबई की सरकार से जानकारी की जा रही है। धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को तलाश किया जा रहा है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।