लोहिया नगर थाना क्षेत्र के उमरनगर में घरेलू विवाद ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। शनिवार देर रात हुए विवाद के बाद दंपती के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि पति जुबेर ने खुद के साथ पत्नी निदा पर भी ज्चलनशील पदार्थ छिड़क दिया था। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए थे। रविवार को पत्नी निदा की मौत हो गई थी। सोमवार को पति जुबेर ने भी अस्पताल में दम तोड़ दिया। दंपती से परिजनों का रोकर बुरा हाल है।
कोतवाली क्षेत्र की पीर वाली गली निवासी निदा की शादी करीब तीन साल पूर्व उमरनगर निवासी जुबेर से हुई थी। दोनों के दो छोटे बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम किसी बात को लेकर दंपती के बीच कहासुनी हुई, जो रात तक बढ़कर गंभीर विवाद में बदल गई थी। आरोप है कि गुस्से में आए जुबेर ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क लिया और पत्नी पर भी डाल दिया था।
उसने आग लगाने की धमकी दी थी। पत्नी ने माचिस छीनने का प्रयास किया था। छीना-झपटी में अचानक आग लग गई और दोनों इसकी चपेट में आ गए थे। आग लगते ही दोनों चीखते हुए बाहर की ओर भागे थे। शोर सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पानी व गीले कपड़ों की मदद से आग बुझाई थी। गंभीर हालत में दोनों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया था।
रविवार को निदा की मौत हो गई थी, जबकि जुबेर की हालत लगातार नाजुक बनी हुई थी। सोमवार को इलाज के दौरान जुबेर ने भी दम तोड़ दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि मामले को लेकर तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
ये भी देखें...
UP: रामपुर में शिक्षिका की हत्या करके मेरठ के नशा मुक्ति केंद्र में छिप गया पति, कमरे में इस हाल में मिला शव