डकैतों को ढूंढने में मेरठ-दिल्ली पुलिस के छूटे पसीने
- शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में ज्वेलरी शॉप में डकैती का मामला
- पुलिस के दावे हवा हवाई, हैदराबाद समेत कई जगह पर दबिश
फोटो...
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में ज्वेलरी शॉप में डकैती के मामले में बदमाशों को ढूंढने में पुलिस के पसीने छूट रहे हैं। मेरठ और दिल्ली पुलिस की टीमें बदमाशों को तलाशने में लगी हुई है। हैदराबाद और असम सहित कई राज्यों में पुलिस की दबिश चल रही है। ये बदमाश दिल्ली में कई वारदात को अंजाम दे चुके है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से बदमाशों की पहचान हुई है। पुलिस का दावा है कि एक बदमाश का रिश्तेदार मेरठ में रहता है, जिसने सटीक रेकी कराकर ज्वेलरी शॉप में वारदात कराई।
17 दिसंबर को शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में पवन जिंदल की ज्वेलरी शॉप में दिनदहाडे़ बदमाशों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान हो गई है। तीनों बदमाश शाहदरा के बताए गए हैं। एक बदमाश के रिश्तेदार मेरठ लिसाड़ी गेट में है। रिश्तेदार से सटीक रेकी कराने के बाद बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बदमाशों की छानबीन की। इसमें पता चला कि उक्त बदमाश दिल्ली में भी कई वारदातें कर चुके हैं, लेकिन पुलिस उनका पता नहीं लगा सकी। दिल्ली पुलिस भी उक्त बदमाशों की तलाश में लगी है। मेरठ और दिल्ली पुलिस चार दिन से हैदराबाद, असम सहित कई राज्यों में दबिश देने में लगी है, लेकिन सुराग नहीं लग पा रहा।
300 कैमरे की फुटेज देखी
मेरठ पुलिस ने 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी है। जिसमें तीनों बदमाशों की पहचान हुई है। इसी फुटेज के आधार पर बदमाश भी उनको ढूंढते हुए दिल्ली पहुंचे है। पुलिस का दावा है कि शास्त्रीनगर से लेकर दिल्ली तक फुटेज देखी है। तीनों बदमाश शातिर हैं और काफी दिन से लूट की वारदात को अंजाम दे रहे है।
लूटा हुआ माल बदमाशों के पास
पुलिस का दावा है कि ज्वेलरी शॉप से लूटा हुआ सोना तीनों बदमाशों के पास है। बदमाश अभी जेवरात नहीं बेच पाए हैं। जो कैश लूटा था वह उन्होंने ठिकाने लगा दिया है। इसको देखते पुलिस बदमाशों के सामान के साथ गिरफ्तार करना चाहती है। पुलिस जब तक जानकारी जुटाकर बदमाशों तक पहुंचती है तब वे आगे निकल जाते है।
हैदराबाद और असम पहुंची पुलिस
मेरठ से पुलिस की एक टीम हैदराबाद और दूसरी टीम असम पहुंची है। पुलिस का दावा है कि हैदराबाद में बदमाशों की लोकेशन है। पुलिस जल्द ही उनको गिरफ्तार कर सामान बरामद करेगी। मेरठ पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस भी बदमाशों को ढूंढने में लगी है। पुलिस ने बदमाशों के कई ठिकानोें पर दबिश देनी शुरू कर दी है।