दीपक त्यागी हत्याकांड की जांच कर रही बागपत एसआईटी ने आरोपी फेमीद की पत्नी फरमीना को गिरफ्तार कर घंटों पूछताछ की। टीम के मुताबिक फरमीना ने बताया कि दीपक उनके घर पर आता था और उनकी विवाहिता बेटी को ससुराल से बुलवाने की जिद करता था। आरोप हैं कि दीपक धमकी देते थे कि अगर उन्होंने अपनी बेटी को नहीं बुलाया तो वह उसकी ससुराल में जाकर बखेड़ा कर देगा।
एसआईटी में शामिल एसओजी प्रभारी इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर के मुताबिक, फेमीद की पत्नी ने बताया कि दीपक त्यागी का उनके घर पर आना-जाना था। उनकी बेटी से दीपक के अवैध संबंध थे। बेटी की शादी हो गई, इसके बावजूद भी दीपक उनके घर पर लगातार आता रहा। अब वह जिद करता था कि बेटी को उसकी ससुराल से बुलाओ, अन्यथा वह उसकी ससुराल में जाकर बखेड़ा कर देगा और अपने संबंधों के बारे में उसके ससुराल वालों से बता देगा। इसी डर के चलते फेमीद ने अपने दोस्त आसिफ के साथ मिलकर घर में ही दीपक की हत्या की है। दीपक उनके घर पर शराब के नशे में आया था और वह बार-बार बीड़ी मांग रहा था। तभी उसके पति ने सुलफे वाली बीड़ी दीपक को पिला दी। जिस पर दीपक नशे में जमीन पर गिर गया। तभी उसके पति ने दीपक की गला काट कर हत्या कर दी।
अवैध संबंध की बात पर नाराज पीड़ित परिवार
दीपक हत्याकांड में अवैध संबंध का कारण पुलिस ने खुलासे में बताया है। जिसको लेकर दीपक के पिता धीरेंद्र त्यागी उर्फ भगतजी ने नाराजगी जताई थी। उनका कहना है कि बेटे को बदनाम करने की मंशा से पुलिस ने यह मनगढ़ंत कहानी बनाई है। हत्या के 6 दिन तक पुलिस आरोपी पक्ष के परिवार की महिलाओं से लगातार पूछताछ करती रही। लेकिन एक बार भी यह बात उनको नहीं बताई गई। आरोपी के परिवार की महिलाएं कह रही थीं कि वह दीपक को नहीं जानती थीं। इसके बावजूद पुलिस ने अवैध संबंध की बात जोड़कर उनके परिवार की बदनामी करने का काम किया है। जिससे वह काफी आहत हैं।