खरखौदा स्थित अतराडा गांव में करीब 35 साल के युवक का शव बरामद हुआ। खेत पर कुएं के पास पहुंचे लोगों ने दुर्गंध आने पर सूचना दी। पुलिस ने आकर शव को निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के अतराडा गांव में मंगलवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई। जंगल में बंद पड़े एक 20 फीट गहरे कुएं से बोरे में बंद, सड़ी-गली अवस्था में एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में शव 10 से 12 दिन पुराना बताया जा रहा है।
विज्ञापन
Trending Videos
जानकारी के अनुसार, गांव अतराडा में गैस एजेंसी के पीछे श्रीनिवास पुत्र छिद्दा के खेत में कुछ मजदूर गेहूं की फसल काटने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें आसपास तेज दुर्गंध महसूस हुई। मजदूरों ने छानबीन की तो पास में ही बंद पड़े एक 20 फीट गहरे कुएं में प्लास्टिक के बोरे के आसपास कीड़े रेंगते दिखे। मजदूरों ने तत्काल ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने कुएं से बोरे को बाहर निकाला। बोरे के अंदर से करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का सड़ा-गला शव मिला, जिसकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो रहा था। चेहरे के पूरी तरह गल जाने के कारण पहचान नहीं हो सकी। मृतक ने लाल रंग की टी-शर्ट और ग्रे रंग का लोअर पहना हुआ था। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की बारीकी से जांच की।
घटनास्थल की स्थिति
ग्रामीणों ने बताया कि जिस कुएं में शव मिला है, वह किठौर-हापुड़ मार्ग से करीब एक किलोमीटर पीछे स्थित है। यह संभव है कि किसी वाहन से शव को बोरे में बंद कर यहां लाकर फेंका गया हो।
2021 की घटना की यादें ताजा
यह कोई पहली बार नहीं है जब अतराडा गांव में इस तरह की कोई घटना हुई हो। वर्ष 2021 में भी गांव के काली नदी किनारे गन्ने के खेत में एक बंद संदूक में 21 वर्षीय युवती का अर्धनग्न अवस्था में शव मिला था। तत्कालीन एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच की थी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उस युवती की भी आज तक पहचान नहीं हो सकी थी।
पुलिस को हत्या की आशंका
सीओ किठौर, प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से बोरे में बंद कर कुएं में फेंका गया होगा। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट हो सकेगा और उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।