थाना कोतवाली क्षेत्र के रांगड़ों की चौपाल में बेटी का रिश्ता टूटने और सगाई का सामान वापस नहीं आने पर शहनाज (40) ने खुद पर कैरोसिन डालकर आग लगा ली। वह गंभीर रूप से झुलस गई। उसे नाजुक हालत में दिल्ली रेफर किया गया है। शहनाज करीब 70 प्रतिशत झुलसी है।
शहनाज के पति मेराज ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी का रिश्ता सहारनपुर में किया था। उसकी सगाई में सात लाख रुपये के जेवरात और सामान दिया था। कुछ समय बाद बेटी का रिश्ता वहां से टूट गया। उन लोगों से उनकी पत्नी शहनाज बार-बार सामान मांग रही थी लेकिन उन लोगों ने सामान देने से मना करा दिया। वह इस बात से मानसिक रूप से टूट गई थी और तनाव में रह रही थी।
सोमवार को इस बात से हताश होकर उसने अपने ऊपर कैरोसिन डालकर आग लगा ली। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। हालांकि इस संबंध में परिजनों ने कोई तहरीर अभी नहीं दी है।