ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां थाने के ठीक सामने स्थित ओडियन नाले में सोमवार को एक युवक का शव बरामद हुआ। इस घटना ने स्थानीय लोगों में भय और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को स्थानीय लोगों की नज़र नाले में बहते हुए एक युवक के शव पर पड़ी। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नगर निगम की मदद से शव को नाले से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की।
शव को बाहर निकालने के बाद उसकी शिनाख्त कराने के काफी प्रयास किए गए, लेकिन प्रारंभिक तौर पर मृतक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस का अनुमान है कि शव कम से कम पांच दिन पुराना हो सकता है, जिससे पहचान प्रक्रिया और जटिल हो गई है। अज्ञात युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने का काम तेजी से चल रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि इन कैमरों की मदद से युवक की अंतिम गतिविधियों और उसके नाले में गिरने या फेंके जाने के कारणों का पता चल सकेगा। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसके फोटो सोशल मीडिया पर भी साझा किए गए हैं, ताकि कोई परिचित उसे पहचान सके।