रोहटा पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल कुमार का नशे में धुत होकर दुकानदार से मीट मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। लगभग तीन मिनट के इस वीडियो में चौकी इंचार्ज एक हमराह सिपाही के साथ चिकन शॉप पर पहुंचकर दुकानदार को वर्दी की हनक दिखाते हुए डेढ़ किलो मुर्गे का मीट कलेजी, पोटा और पंजे सहित खास तरीके से तैयार कर चौकी पर भिजवाने की धमकी देते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में दुकानदार के यह कहने पर कि फिलहाल मीट खत्म हो गया है और कल मिलेगा, चौकी इंचार्ज आगबबूला होकर कहता है – तू मुझे जानता नहीं मैं कौन हूं। अगर कल नहीं भेजा तो परसों काट ही नहीं पाएगा। दुकानदार डर के कारण हां में हां मिलाते हुए कल मीट भेजने की बात कहता है।
नशे में धुत चौकी इंचार्ज का यह वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। कानून का पाठ पढ़ाने वाले की इस हरकत ने विभाग की किरकिरी करा दी है।
सूत्रों के मुताबिक, यह वीडियो शनिवार देर रात का है। इसमें चौकी इंचार्ज सादी वर्दी में गाड़ी में बैठे-बैठे दुकानदार को धमकाते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, मामले के सामने आने के बाद भी फिलहाल चौकी इंचार्ज के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।