ब्रह्मपुरी की महिला नाजरीन ने पति पर तीन तलाक देने और तेजाब हमले की धमकी देने का आरोप लगाया है। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की महिला ने नाजरीन ने शनिवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उसकी शादी दिल्ली के सीलमपुर निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के बाद दोनों के चार बच्चे हुए। पीड़िता के अनुसार पति ने कुछ दिन पूर्व उसे तीन तलाक दे दिया। आरोपी ने बच्चों सहित उसे पीटकर घर से निकाल दिया था। आरोप है कि पति पीड़िता को तेजाब हमले और बेटे की हत्या करने की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने दस जून को पुलिस से शिकायत की थी। मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
ऑपरेशन अल्कोहल : 400 लोगों और 72 वाहनों का चालान
ऑपरेशन अल्कोहल के तहत पुलिस तीन दिन में 400 लोगों और 72 वाहनों का चालान कर चुकी है। पल्लवपुरम पुलिस ने पांच दुकानदारों के खिलाफ दुकान पर शराब पिलाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की है।
एसएसपी के आदेश पर शहर भर में बृहस्पतिवार रात से ऑपरेशन अल्कोहल शुरू किया गया था। इसके तहत रात 11 बजे के बाद बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन को छोड़कर कहीं भी दुकानें नहीं खुलेंगी। पुलिस रोज रात 11 बजे से ही शहर में दुकानें बंद करा रही है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि शहर सर्किल के 14 थाना पुलिस ने ऑपरेशन अल्कोहल के तहत 400 से ज्यादा लोगों का धारा 34 में चालान किया है, ये सड़क पर ही शराब पी रहे थे। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वाले 72 लोगों के वाहनों को दस-दस हजार का चालान किया गया। इसके अलावा पल्लवपुरम में सनी कुमार निवासी अलीपुर सरधना, टिंकू निवासी मदारपुरा सरधना, भंवर सिंह निवासी पल्लवपुरम, चंद्रवीर निवासी मदारपुर सरधना और सुशील निवासी डबल स्टोरी पल्लवपुरम अपनी दुकानों पर खुलेआम लोगों को शराब पिला रहे थे। पांचों दुकानदारों के खिलाफ पांच मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
रोजगार की तलाश में आए मेरठ के युवक की कैंटर की टक्कर से मौत
सोनीपत के एचएसआईआईडीसी कुंडली में शनिवार को कैंटर की टक्कर से बाइक सवार मेरठ निवासी अंकुश भारती (25) की मौत हो गई। वह नौकरी की तलाश में आया हुआ था। युवक की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी। कुंडली थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के मेरठ निवासी अभिषेक भारती ने बताया कि वह दो भाई थे। उनका छोटा भाई अंकुश भारती रोजगार की तलाश में कुंडली में अपने दोस्त गौरव के पास आया हुआ था। शुक्रवार रात 9:30 बजे वह बुलेट बाइक से निफ्टम चौक कुंडली की तरफ गया था। गौरव ने उन्हें सूचना दी थी कि वह अपने दोस्त मोहित के साथ अंकुश की बाइक के पीछे-पीछे चल रहा था। एकाएक एक कैंटर ने सामने से अंकुश की बाइक को टक्कर मार दी। अंकुश के सिर में गहरी चोट लगी है। अंकुश को मोहित और गौरव दिल्ली के नरेला स्थित राजा हरीशचंद्र अस्पताल में लेकर गए, जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कुंडली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी कैंटर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएचओ राजू संधू ने कहा कि पुलिस जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लेगी।
एटीएम कार्ड बदलकर 60 हजार की धोखाधड़ी
लोहियानगर थाना क्षेत्र निवासी अमीना सुल्ताना ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि उनका बैंक खाता शास्त्रीनगर में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में है। शुक्रवार को वह बेटी के साथ सेंट्रल मार्केट में दवा लेने गई थी। इस दौरान वह एटीएम से पैसे निकालने के लिए गई। एटीएम के बाहर एक युवक पहले से खड़ा था। उसने पैसे निकालते समय उनका पासवर्ड देख लिया। पैसे निकालने के बाद वह बेटी के साथ एटीएम से बाहर निकल आई। रात को उसके खाते से चार बार में 60 हजार रुपये निकलने का मेसेज आया। वह शनिवार को बैंक पहुंची और मामले की जानकारी दी। पीड़िता ने एसएसपी को बताया कि आरोपी ने हाथ से ही एटीएम बदल दिया। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
भैसाली अड्डे पर इंजीनियर का माेबाइल उड़ाया
भैसाली बस अड्डे पर बस में चढ़ते समय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विशाल अग्रवाल का मोबाइल गायब कर दिया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच में जुटी है। शास्त्रीनगर सेक्टर-दो निवासी विशाल हैदराबाद की एक कंपनी में सेवारत हैं। वह छुट्टी पर घर आए हुए थे। शनिवार को वह हैदराबाद लौट रहे थे। छोटा भाई बाइक से भैसाली बस अड्डे पर उन्हें छोड़कर चला गया। इसी दौरान बस में चढ़ते समय किसी ने उनकी जेब से मोबाइल उड़ा दिया। सीट पर बैठते ही मोबाइल गायब होने का पता चला तो पीड़ित ने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिवार के लोग बस अड्डे पर पहुंचे। इसके बाद सदर बाजार थाने में पहुंचकर विशाल की तरफ से तहरीर दी गई। सीओ कैंट संतोष सिंह ने बताया कि सदर बाजार पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
भाजपा पार्षद के घर पथराव करने वाले चार आरोपी पकड़े
थाना क्षेत्र में रोहटा रोड पर अनूपनगर फाजलपुर में वार्ड-25 के भाजपा पार्षद अशोक कुमार कनौजिया के घर पर पथराव करने वाले चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मुख्य आरोपी शौर्य फरार है। पूछताछ में पता चला कि मुख्य आरोपी का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा है। कुछ दिन से दोनों में विवाद चल रहा था। शौर्य की प्रेमिका का घर समझकर आरोपियों ने पार्षद के घर पर पथराव कर दिया था। यह युवती इसी क्षेत्र में रहती है।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल के अनुसार वार्ड 25 से भाजपा पार्षद अशोक कुमार कनौजिया ने थाने पर केस दर्ज कराया था। इसमें बताया था कि 15 जून को उनके घर पर नकाबपोश पांच हमलावरों ने पथराव किया। घटना के समय पार्षद अपनी पत्नी के साथ देहरादून में मौजूद थे। पार्षद की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज के बाद जांच में लग गई थी। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस ने पांच आरोपियों की तलाश की थी।
शनिवार को पुलिस ने घटना में शामिल चार आरोपियों को पकड़ लिया। इनकी पहचान लविश यादव, अक्षय चौधरी, यश चौधरी और वंश मलिक के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मुख्य आरोपी शौर्य का कॉलोनी में रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन से दोनों के बीच विवाद हो गया था। इसके चलते शौर्य गुस्से में था। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर प्रेमिका के घर पथराव की योजना बनाई थी। प्रेमिका का घर समझकर ही आरोपियों ने हमला किया था। सीओ दौराला का कहना है कि चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
अश्लील फोटो वायरल करने की दे रहे धमकी, 50 हजार की कर रहे मांग
इंचौली क्षेत्र के एक युवक ने शनिवार को एसएसपी ऑफिस पर अज्ञात आरोपियों पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाते हुए शिकायत पत्र दिया। पीड़ित के अनुसार आरोपी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दे रहे है। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस जांच में लग गई है।
इंचौली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़ित ने शनिवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायत पत्र देते हुए बताया कि बीती दस जून को उसके खाते में दो बार में 54 सौ रुपये अंजान खाते से आए थे। जिसके बाद पीड़ित ने खाते से पैसे निकाल लिए थे। पीड़ित के अनुसार 12 दिन से उसके मोबाइल पर अलग-अलग नंबर से कॉल आ रही है। जिसमें आरोपी पीड़ित के साथ अभद्र व्यवहार कर रहे है। आरोप है कि आरोपियों ने उसके परिवार के फोटो पर अश्लील फोटो लगाकर भेज रहे है। आरोपी पीड़ित से 50 हजार रुपये मांग रहे है। पैसे नहीं देने पर आरोपी सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। एसएसपी ने साइबर थाने को जांच के निर्देश दिए। एसपी क्राइम अवनीश कुमार का कहना है कि नंबरों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बुढ़ाना गेट पर युवक ने अपनी बाइक में आग लगाई
कोतवाली क्षेत्र के बुढ़ाना गेट पर शनिवार को एक युवक ने अपनी बाइक में आग लगा दी। इसके बाद वह वहां से भाग गया। आसपास के लोगों ने पानी डालकर आग पर बुझाई। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी की। पुलिस ने युवक की तलाश की। बुढ़ाना गेट के रहने वाले सचिन की बाइक निकली। पुलिस ने बाइक अपने कब्जे में ले ली है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रुड़की रोड पर खून से लथपथ मिला शव
लालकुर्ती थाना क्षेत्र के रुड़की रोड पर पीर के पास शुक्रवार देर रात लोहिया नगर के फतेहउल्लापुर निवासी शाहनवाज पुत्र इरशाद उम्र 50 का खून से लथपथ शव मिला। शनिवार सुबह लालकुर्ती पुलिस मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया कि किसी वाहन की चपेट में आने से शाहनवाज की मौत हुई है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि लालकुर्ती पुलिस को सुबह सूचना मिली कि खून से लथपथ शव रुड़की रोड पर पीर पर पड़ा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सोशल मीडिया के माध्यम से शव की पहचान शाहनवाज के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि अभी तक की जांच में सड़क हादसे का मामला लग रहा है। फिर भी सीसीटीवी देखे जा रहे है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था। कुछ दिनों से शाहनवाज बीमार बताया जा रहा है।
कैंटर चालक से 15.75 लाख की लूट का आरोप
परतापुर क्षेत्र में शनिवार सुबह कैंटर चालक शाहआलम से कार सवार पांच बदमाशों ने हथियारों के बल पर 15.75 लाख रुपये लूट लिए। चालक के पिता ने एसएसपी कार्यालय में शिकायत की। पुलिस मामले को लेनदेन विवाद बता रह है। लोहियानगर थाना क्षेत्र के हापुड़ रोड निवासी फारूख ने एसएसपी कार्यालय में बताया कि उनका बेटा शाहआलम कैंटर गाड़ी से माल की डिलीवरी कर शनिवार सुबह घर लौट रहा था। आरोप है परतापुर थाना क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर में कार सवार पांच युवकों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया और मारपीट की। आरोप है कि उस पर तमंचा तान दिया और 15.75 लाख की नकदी लूट ली। उन्होंने एक आरोपी को नामजद करते हुए शिकायत की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि शिकायतकर्ता थाने नहीं पहुंचा। मोबाइल पर उससे बात की गई है। लेनदेन का विवाद सामने आया है। जांच के बाद कार्रवाई होगी।
युवती ने मौसा पर उत्पीड़न का आरोप लगाया
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने थाने पर केस दर्ज कराते हुए बताया कि सरधना निवासी मौसा अमर लगभग एक वर्ष से उसे परेशान कर रहा है। मौसा ने उसका घर से निकलना भी मुश्किल कर दिया है। पूर्व में भी युवती ने आरोपी को समझाने का प्रयास किया था, मगर वह नहीं मान रहा है। पीड़िता की ओर से अब आरोपी के खिलाफ थाने पर तहरीर देते हुए केस दर्ज कराया गया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
एसएसपी ऑफिस पर पहुंचे कॉलोनीवासी
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के शौकीन गार्डन के कुछ लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे। उन्होंने एक महिला की शिकायत की। आरोप लगाया कि महिला रोजाना कॉलोनी में झगड़ा करती है। साथ ही लोगों पर झूठे केस दर्ज करा देती है। एक पीड़ित ने बताया कि उसके खिलाफ तहरीर देकर बीस हजार रुपये की मांग की गई। शनिवार को व्यापारी नेता जीतू नागपाल, इरफान, शकील, इसरार, हमीद, वकार आदि ने भी कार्रवाई की मांग की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
पत्थर से कूचकर युवक की हत्या में दोषी को आजीवन कारावास
लोहियानगर थाना क्षेत्र की कांशीराम काॅलोनी में 8 अक्तूबर 2023 को हुई शाकिर की हत्या में दोषी कासिम को न्यायालय एडीजे-12 ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। 20 माह पुराने मामले में कोर्ट ने कासिम पर 20 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
कांशीराम काॅलोनी में केटी-309 निवासी शाकिर कबाड़ खरीदने-बेचने का काम करता था। 8 अक्तूबर 2023 को उसका खून से लथपथ शव एम-ब्लाॅक के खंडहर मकान में पत्थरों से ढका मिला था। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लोहियानगर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस साक्ष्यों के आधार पर कमेला रोड निवासी कासिम को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा किया था। पुलिस के मुताबिक शाकिर की हत्या मोबाइल के विवाद में की गई थी।
हत्या से तीन दिन पहले कासिम ने शाकिर का मोबाइल छीन लिया था। इसे लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। शाकिर अपने दोस्त फैज व गुल्लू को लेकर आरोपी के घर पहुंचा था, लेकिन उसने मोबाइल देने से इन्कार कर दिया था। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि 8 अक्तूबर को उसने शाकिर को कांशीराम काॅलोनी के एम-ब्लाॅक के खंडहर मकान में गांजे की तीन पुड़िया लेकर बुलाया था। यहीं शाकिर को उसका मोबाइल देने का वादा किया था। शाकिर अपना ठेला लेकर वहां पहुंचा था। यहां मोबाइल को लेकर दोनों में झगड़ा हो गया था। इसी दौरान आरोपी ने पत्थर से कूचकर शाकिर की हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को पत्थरों से ढककर फरार हो गया था। शनिवार को कोर्ट ने साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर कासिम को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई।