रोहटा थाना क्षेत्र के पूठखास गांव में स्थित श्मशान घाट में युवक के शव की जलती चिता से शव की खोपड़ी को निकालकर तंत्र क्रिया करने का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोप लगाते हुए श्मशान घाट से एक युवक को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। आरोप है कि आरोपी का साथी खोपड़ी लेकर भाग गया। मौके से तंत्र क्रिया का सामान भी मिला है। आरोपियों पर कार्रवाई के लिए ग्रामीणों ने करीब एक घंटे थाने पर धरना दिया। सीओ के कार्रवाई के आश्वासन पर वह वापस लौटे।
शनिवार की दोपहर पूठखास गांव निवासी मनीष पाल (25) पुत्र नेपाल सिंह पाल की कैंसर की बीमारी से ग्रस्त होने के कारण मौत हो गई थी। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शाम को परिजन चिता की अग्नि को देखने के लिए श्मशान घाट पहुंचे, तो चिता के पास दो युवक लोगों को आता देख मौके से भागने लगे। लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। जबकि उसका साथी खेतों के रास्ते भाग गया। आरोप है कि आरोपी अपने साथ चिता के अंदर से निकाली गई युवक की खोपड़ी लेकर भाग गया। चिता के पास लोगों ने पान का पत्ता, पांच तरह की मिठाई, सिंदूर व अन्य सामग्री देखी। इससे उन्होंने तंत्र क्रिया की आशंका हुई। सीओ संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि पीड़ित पक्ष की शिकायत पर जांच की जा रही है। जांच के बाद इस मामले में कार्रवाई की जाएगी। संवाद
भाजपा नेता के दो बेटों के अपहरण का मचा शोर, पांच नाबालिग पकड़े
नौचंदी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 7 बजे भाजपा नेता अमित कुमार के दो बेटों का घर के सामने से अपहरण का शोर मच गया। बच्चाें और उनकी मां के शोर मचाने पर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए नाकाबंदी की। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने देर रात पांच नाबालिगों को पकड़ लिया। पूछताछ में मामला बच्चों के साथ मजाक करने का निकला। पुलिस ने सभी को पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
शास्त्रीनगर सेक्टर-2 निवासी अमित कुमार भाजपा ओबीसी मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष हैं। घर के पास ही उनकी मिठाई की दुकान है। अमित कुमार का बड़ा बेटा कक्षा-7 और छोटा बेटा-कक्षा-4 में पढ़ता है। दोनों भाई शनिवार सुबह करीब सात बजे घर के बाहर साइकिल चला रहे थे। तभी हरियाणा नंबर की एक आल्टो घर के पास आकर रुकी। आरोप है कि कार से उतरे एक युवक ने छोटे बेटे को चॉकलेट का लालच दिया। बालक ने युवक को साफ मना कर दिया कि वह चॉकलेट नहीं खाता। इसके बाद युवक ने बालक का हाथ पकड़ लिया और खींचकर कार में बैठाने की कोशिश की।
इस पर दोनों बच्चों ने शोर मचा दिया। बच्चों का शोर सुनकर घर में काम कर रही उनकी मां राधिका बाहर आई और कार सवारों को बच्चे को खींचते देख जोर से चिल्लाई। इस पर आरोपी बच्चे को छोड़कर भाग गए। सूचना पर नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। देर रात पुलिस ने जागृति विहार निवासी पांच नाबालिगों को पकड़ लिया।
सीसीटीवी फुटेज में दिख रही घटना
आरोपियों की कार पड़ोसी के घर में लगे सीसीटीवी फुटेज में दिख रही थी। इसमें अमित कुमार के दोनों बेटे भी साइकिल चलाते हुए कार की ओर जाते दिखाई दे रहे हैं। आरोप लगाया गया था कि कार से उतरा एक युवक भाजपा नेता के बेटे को खींचते हुए फुटेज में दिखाई दे रहा है। इसके बाद युवक कार में बैठकर साथियों के साथ चला जाता है। बालक साइकिल पर फिर से कार के पीछे जाते हुए दिख रहा है। पुलिस शुरुआत से ही इसे अपहरण के प्रयास का मामला नहीं मान रही थी।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि सभी किशोर कुटी चौराहे से चाय पीकर घर जा रहे थे। बच्चे काफी दूर तक उनकी गाड़ी के सामने साइकिल चला रहे थे। इस पर एक युवक ने कार से उतरकर बच्चों के साथ मजाक में धमकाया था। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।
संरक्षित पशुओं के अवशेष मिलने चौकी प्रभारी, दरोगा व कांस्टेबल निलंबित
भावनपुर थाना क्षेत्र के पचगांव गांवड़ी के जंगल में खेत में शनिवार काे तीन स्थानों पर संरक्षित पशुओं के अवशेष मिलने पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। ग्रामीणों व विहिप कार्यकर्ताओं ने आरोपियोें पर कार्रवाई की मांग की। देर रात मामले में एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि हसनपुर चौकी प्रभारी रणजीत, दरोगा अवनीश और कांस्टेबल रोहित को निलंबित कर दिया गया है। तीनों की विभागीय जांच की जाएगी।
पचगांव गांवड़ी निवासी सतीश तोमर शनिवार सुबह खेत पर पानी के लिए गए थे। उन्होंने देखा कि ईख के खेत में कुछ कुत्ते मांस को खींच रहे थे। जब उसने खेत के अंदर जाकर देखा तो वह हैरान रह गया। खेत में कई स्थानों पर खून और संरक्षित पशु के अवशेष दिखे सतीश तोमर ने कंट्रोल रूम पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह भावनपुर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह चौकी हसनपुर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर मांस के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे। ग्रामीणों की मदद से जेसीबी बुलाकर अवशेषों को गड्ढे में दबाया। पुलिस ने पंचगांव अमर सिंह पट्टी, पंचगांव अमरसिंह गावड़ी और कायस्थ बड्ढा गांव में लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगाले।
जिले में नहीं रुक रही घटनाएं
भावनपुर थाना क्षेत्र के गढ़ रोड स्थित गोकुलधाम सोसाइटी के पीछे एक जून को संरक्षित पशु के अवशेष मिले थे। इस मामले के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। इसके अलावा जिले में कई अन्य स्थानों पर अवशेष मिलने पर भी लोगों ने आक्रोश व्यक्त किया है। वहीं, एसएसपी ऐसे मामले सामने आने पर कई पुलिसकर्मियों को निलंबित कर चुके हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं थम नहीं पा रही हैं।
रिठानी से लापता हुए किशोर हरिद्वार में मिले
परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी कैलाशपुरी से शुक्रवार को घर से जूस पीने निकलने के बाद लापता हुए दोनों किशोर हरिद्वार में मिल गए हैं। पुलिस ने दोनों को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। एएसपी अंतरिक्षत जैन ने बताया कि कैलाशपुरी निवासी आर्यन 16 पुत्र प्रवीन और राज 14 पुत्र त्रिलोक चंद के बेटे शुक्रवार दोपहर घूमते हुए परतापुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और ट्रेन में बैठ गए। ट्रेन चलने लगी तो दोनों उतर नहीं सके इसके बाद दोनों हरिद्वार पहुंच गए। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर दोनों को काफी देर खड़ा हुए देखा तो एक पुलिसकर्मी ने दोनों से पूछताछ की। इसके बाद स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। संवाद
चाकू से हमला करने का आरोपी पकड़ा
टीपीनगर पुलिस ने चाकू से हमला करने वाले आरोपी भोलू निवासी चंद्रलोक काॅलोनी टीपीनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चाकू भी बरामद कर लिया गया है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि 13 जून को विजेंद्र निवासी चंद्रलोक ने आरोपी भोलू ने चाकू से हमला कर घायल कर दिया था। अब आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ टीपी नगर थाने में पहले भी तीन केस दर्ज हैं। संवाद
दबिश देने गई पुलिस टीम पर घरों में तोड़फोड़ करने का आरोप
डुंगरावली गांव में एक माह पूर्व कार और बाइक टकराने के विवाद में एक वृद्ध की मौत के मामले में दबिश देने पहुंची पुलिस पर गांव की महिलाओं ने घरों में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस तोड़फोड़ के आरोपों को बेबुनियाद बता रही है।
गत 14 मई को डुंगरावली निवासी आकाश और अक्षय में यह विवाद हो गया था। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला किया गया। इसमें अक्षय, 102 वर्षीय श्यामलाल, पूनम, माया देवी सहित अन्य घायल हो गए थे। इस मामले में आकाश, जीतू, सागर, जुगेंद्र, मनोहर, शिवम, आदित्य, साहिल, निखिल, लोकेश, गोपाल उर्फ राहुल, हरीकिशन उर्फ सम्मी, कृष्ण, अशोक, रमेश, लकी, अंकुर, जतिन, हिमांशु, अमित, मानु, बबलु सहित अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट की गई थी।
घटना में घायल लोगों में श्यामलाल को सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक सप्ताह के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर हत्या की धारा में केस दर्ज किया था। इस मामले में चार लोग जेल ला चुके हैं। शनिवार को अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस डुंगरावली में दबिश देने पहुंची। आरोप है कि पुलिस ने दबिश के दौरान घरों में घुसकर महिलाओं से अभद्रता की और तोड़फोड़ की। महिलाओं ने मामले की शिकायत एसएसपी से करने की बात कही। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया कि महिलाओं के आरोपों की जांच की जाएगी।
एलआईसी एजेंट के कार्यालय से 35 हजार की चोरी
कृष्णा नगर में एलआइसी एजेंट देवेंद्र सिंह के कार्यालय से एक चोर ने 35 हजार रुपये की चोरी कर लिए। मास्क लगाए हुए चोर वहां लगे सीसीटीवी के फुटेज में दिख रहा है। पुलिस केस दर्ज कर आरोपी तलाश में जुटी है। रुड़की रोड स्थित पीर वाली गली कृष्णा नगर निवासी देवेंद्र सिंह एलआइसी एजेंट हैं। देवेंद्र ने बताया कि उनका इंद्रलोक कृष्णा नगर पीएसी नाला रोड पर कार्यालय है। दोपहर के समय वह घर पर खाना खाने गए थे। वापस लौटने पर कार्यालय खुला मिला। कार्यालय से 35 हजार रुपये गुम थे। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर चोर की तलाश की जा रही है।