फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut Crime News: गंगानगर के होटल में मिले छह युवती और चार युवक, एक कपड़े हाथ में लेकर छत कूदकर भागा

Sun, 03 Aug 2025 02:54 PM IST
मोहम्मद मुस्तकीम अमर उजाला नेटवर्क, मेरठ

सार

गंगानगर में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता होटल पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस आरोपियों को पकड़कर थाने ले गई। युवतियों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया, जबकि युवकों पर कार्रवाई की गई। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : freepik
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

गंगानगर थाना क्षेत्र में एक होटल पर शनिवार दोपहर हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा कर दिया। इस दौरान दूसरे समुदाय का युवक हाथ में कपड़े पकड़े छत से कूदकर भाग गया। पुलिस को होटल में छह युवती व चार युवक मिले। पुलिस सभी को लेकर थाने आ गई। वहीं पुलिस को आपत्तिजनक वस्तुएं भी मिली हैं।
विज्ञापन

के- ब्लॉक के एक होटल में अराजक तत्वों का देर रात तक आना-जाना लगा रहता है। होटल से 100 मीटर की दूरी पर एक स्कूल हैं। शनिवार दोपहर हिंदू जागरण मंच के सहसंयोजक मंत्री प्रदीप कौशिक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने होटल पर पहुंचे। सहसंयोजक मंत्री ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि होटल में दूसरे समुदाय का युवक एक हिंदू युवती को बहला- फुसलाकर लेकर आया है। हिंदू संगठन ने होटल के बाहर हंगामा कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान होटल में भगदड़ मच गई। दूसरे समुदाय का युवक छत से कूदकर भाग गया। इस दौरान होटल संचालक भी खिसक लिया। पुलिस ने होटल के मैनेजर को पकड़ लिया। होटल के डीवीआर व रजिस्टर को कब्जे में ले लिया। पुलिस होटल के बाहर खड़ी बाइक को भी थाने ले गई। सीओ सदर देहात शिवप्रताप सिंह का कहना है कि युवतियों को पूछताछ के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

चलती ट्रेन में डंडा मारकर युवक से मोबाइल लूटने वाले दो गिरफ्तार

टीपीनगर थाना क्षेत्र में चलती ट्रेन में डंडा मारकर युवक से मोबाइल लूटने के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। लूटा गया मोबाइल भी बरामद किया गया है। इस हमले में युवक ट्रेन से गिरकर गंभीर घायल हो गया था। अन्य आरोपियों को पुलिस तलाश कर रही है।
सहारनपुर जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के गांव सावंतखेड़ी निवासी राहुल 27 जुलाई को सरधना क्षेत्र के भामौरी गांव में अपने मामा विजयपाल के घर आया था। यहां से अगले दिन अपने दोस्त की गाजियाबाद स्थित रिश्तेदारी में जा रहा था। सिटी स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था। फुटरेस्ट पर बैठकर किसी से फोन पर बात कर रहा था। ट्रेन धीमी गति से चल रही थी। टीपीनगर थाने की मंडी चौकी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के पास खड़े बदमाशों ने राहुल के सिर में डंडे से जोरदार प्रहार किया। वह चलती ट्रेन से गिर गया। बदमाश उससे मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया और डकैती की धारा में रिपोर्ट दर्ज की थी।
सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि इस मामले में शुक्रवार रात सब्जी मंडी दिल्ली रोड के पास से विकास नगर नई बस्ती निवासी कमल उर्फ दाता और आंबेडकर चौक नई बस्ती निवासी रोहन उर्फ कांचा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सूखा नशा करते हैं और खर्चे के लिए रेलवे ट्रैक किनारे जहां ट्रेन धीमी गति से चलती है, वहां फुटरेस्ट पर बैठे यात्रियों के हाथ पर डंडा मारकर मोबाइल आदि छीन लेते हैं और उन्हें बेचकर अपनी जरूरतें पूरी करते हैं। आरोपियों के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट, लूट आदि के मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
 

स्कूटी सवार बहनों से चेन लूटने वाले दो गिरफ्तार

सदर बाजार थाना क्षेत्र में धनवंतरी रोड पर योगेंद्र एनक्लेव के सामने बुधवार शाम स्कूटी सवार दो बहनों से सोने की चेन लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 20 हजार की नकदी व वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की गई है।
टीपीनगर के जगन्नाथपुरी निवासी तरुण गोयल ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि उनकी पुत्री कोपल और प्रियल बुधवार शाम स्कूटी पर खरीदारी करने आबूलेन गईं थीं। खरीदारी के बाद दोनों घर लौट रही थीं। सैन्य क्षेत्र में धनवंतरी मार्ग पर योगेंद्र एनक्लेव के सामने पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और बड़ी बेटी कोपल के गले में पड़ी चेन लूटकर भाग गए।
सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि आसपास क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर रेलवे रोड की आनंदपुरी निवासी सूजल उर्फ नूडल और अमर को मेरठ पब्लिक स्कूल के पीछे वाले रास्ते से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने किसी अज्ञात व्यक्ति को सोने की चेन 20 हजार रुपये में बेच दी। उनके खिलाफ रेलवे रोड थाने में जानलेवा हमले और मारपीट आदि धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
 

महरौली में चोरों ने ग्रामीणों पर की फायरिंग

परतापुर थाना क्षेत्र के महरौली गांव प्रधान पुनीत के अनुसार शनिवार को जाहरवीर मेले के दूसरे दिन दर्जनों की संख्या में ग्रामीण मेले से लौट रहे थे। ग्रामीणों ने गांव के बाहरी छोर पर कुछ संदिग्ध युवकों को देखा। लोगों को अपने पास आता देखकर चोरों ने फायरिंग कर दी। चोर खेतों के रास्ते सोरखा गांव की ओर भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने महरौली और सोरखा गांव के जंगल में कांबिंग की। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों के साथ बैठक की। अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि चोरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी लेकिन उनका कोई सुराग नही मिला। फायरिंग की जानकारी नही है।
 

सूबेदार की पत्नी का घर में फंदे पर लटका मिला

गंगानगर क्षेत्र की अलकनंदा धाम कॉलोनी में सूबेदार की पत्नी 38 वर्षीय ज्ञानेश का शव शनिवार को कमरे में फंदे पर लटका मिला। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फलावदा क्षेत्र निवासी विपिन का परिवार अलकनंदा धाम कॉलोनी में किराए पर रह रहा था। विपिन सेना में सूबेदार हैं और राजस्थान में तैनात हैं। शनिवार सुबह विपिन का छोटा भाई गांव से अलकनंदा धाम स्थित घर पहुंचा। उसने देखा विपिन की पत्नी का शव कमरे में फंदे पर लटका हुआ था। वहीं, दोनों बच्चे आरव और निखिल बराबर के कमरे में सोए थे। घटना की सूचना गंगानगर पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर जांच की।
पुलिस पूछताछ में घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। वहीं, दूसरी ओर निखिल के भाई का कहना है कि दोनों बच्चे कई माह से बीमार थे, जिसके चलते वह परेशान चल रही थी। बीते अप्रैल में ही विपिन ड्यूटी पर वापस गए थे। पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की जांच कर रही है। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण पता चलेगा। परिजनों से मामले की जानकारी की जा रही है।
 

सराफ का सोना लेकर भागा कारीगर पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार

सदर बाजार क्षेत्र से करीब एक वर्ष पहले सराफ का सोना लेकर भागे कारीगर को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर मेरठ लेकर आई है। थापर नगर निवासी सराफ सतीश खरात ने बीते वर्ष 22 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसमें बताया था कि सदर क्षेत्र में उनकी शिवशंकर ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। उनके पास पश्चिमी बंगाल के जिला बर्द्धमान के गांव जाबुई डागा निवासी एन. करमाकर कारीगर के रुप में काम करता था। 18 अगस्त 2024 को उन्होंने एन. करमाकर को आभूषण बनाने के लिए 245.81 ग्राम सोना दिया था। 19 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन एन. करमाकर एक डिब्बा उनके पुत्र प्रथमेश को यह बताकर दे गया कि इसमें आभूषण हैं। 20 अगस्त को वह दुकान पर नहीं आया। मोबाइल भी बंद था। शक होने पर उन्होंने एन. करमाकर का दिया डिब्बा खोलकर देखा तो उसमें तांबा और चांदी थी। पुलिस आरोपी को तभी से तलाश कर रही थी। सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि 29 जुलाई 2025 को सदर पुलिस ने आरोपी को पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश कर उसका चार दिन का ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत कराकर अपने साथ ले आई। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
 

चाची का कान चबाया और दादी का हाथ तोड़ा

परतापुर थाना क्षेत्र के इटायरा गांव में शनिवार दोपहर दो सगे भाइयों के परिवार में मारपीट हो गई। इस दौरान बड़े भाई के बेटे अर्जुन ने दांतों से अपनी चाची सुनीता का कान काटकर अलग कर दिया। मारपीट में 75 वर्षीय महिला सहित कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
परतापुर थाने में तहरीर देते हुए इटायरा गांव निवासी राजकुमार ने बताया कि पिता की मौत के बाद मां शकुंतला उनके साथ रहती है। बड़ा भाई जयचंद का परिवार उनके परिवार के साथ रंजिश रखता है। शनिवार को जयचंद के बेटे अर्जुन, पोते तरुण, अर्जुन की पत्नी इंद्रेश और बेटी ऋषिका ने मिलकर उनकी 75 वर्षीय मां शकुंतला के साथ मारपीट की। बीच-बचाव में आए उनके बेटे प्रियांशु और पत्नी सुनीता पर भी जानलेवा हमला कर दिया। पिटाई के दौरान अर्जुन ने सुनीता का कान अपने दांतों से काटकर अलग कर दिया। मां शकुंतला का लोहे की राड़ मारकर हाथ तोड़ दिया। मारपीट में प्रियांशु भी चोटिल हुआ है। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस को देखकर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने सुनीता और शकुंतला देवी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सुनीता को मेडिकल में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अर्जुन को हिरासत में ले लिया। सीओ ब्रहमपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
 

सलीम के हत्यारोपियों के घरों पर दी दबिश

सिविल लाइन थाना क्षेत्र की हाशिमपुरा पुलिस चौकी के पास बुधवार को गैंगस्टर सलीम उर्फ दीवाना उर्फ मोगली की हत्या के मामले में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार करने में कई दिन बीतने के बाद भी पुलिस नाकाम है। पुलिस ने आरोपियों के घरों पर दबिश भी दी, लेकिन ताला लगाकर भाग गए हैं।
सलीम प्रॉपर्टी डीलर था। बुधवार को एक जमीन का बैनामा कराना था। बैनामा से पहले लिखापढ़ी के लिए सलीम बुधवार को कचहरी गया था। वहां पर बैनामा लिखाई और टाइप का काम कराया। लिसाड़ी गेट के शालीमार गार्डन निवासी साजिद भी बैनामा लिखवाने में उसके साथ गया था। वह अपनी बाइक पर था। दोनों बदमाश भी कचहरी से ही पीछा कर रहे थे। जब सलीम हाशिमपुरा चौकी के पास पहुंचा तो तभी पीछे चल रहे बाइक सवार बदमाशों ने सलीम की कमर में पीछे से गोली मार दी थी। गोली पीठ से लगकर सीन से पार निकल गई थी। सलीम बाइक समेत वहीं गिर गया था। सलीम को प्यारेलाल जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने सर्विलांस, स्वॉट टीम और सिविल लाइन थाने की टीम जांच के लिए लगाई है। भाई उस्मान ने सिविल लाइन थाने में नदिया, आरिफ उर्फ गुड्डू, अहसान और मेहराज कलिया निवासी लिसाड़ी गेट व लोहिया नगर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि बीटीएस के माध्यम और सीडीआर से भी जांच चल रही है। जिसके आधार पर गिरफ्तारी की जाएगी। मुखबिर तंत्र पर भी काम चल रहा है।
 

पति की हत्या के बाद हमले में घायल महिला की मौत

रोहटा थाना क्षेत्र के अमानुल्लापुर गांव में शुक्रवार को पारिवारिक रंजिश में युवक की हत्या के बाद हमले में घायल उसकी पत्नी की भी मौत हो गई। आरोप है कि मृतक के दो छोटे भाई और एक भाभी ने मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। हमले में दंपती का 10 वर्षीय बेटा रोहित भी घायल है। उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना से गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
अमानुल्लापुर गांव में भोलू कश्यप चार साल पहले बिहार निवासी प्रीति से शादी कर रह रहा था। प्रीति अपने पहले पति से हुए तीन बच्चों को भी साथ लाई थी। इस बीच भोलू का बड़ा भाई दीपक उर्फ दीपू, प्रीति से प्रेम संबंध बनाकर उसे 19 जुलाई को घर से भगा ले गया था। इस घटना को लेकर घर में कई बार झगड़े हुए थे। बाद में दोनों घर लौट आए लेकिन तनाव बना रहा। भोलू ने इस मामले की शिकायत रोहटा पुलिस चौकी पर भी की थी।
शुक्रवार दोपहर दीपक उर्फ दीपू ने अपने छोटे भाई छोटू और उसकी पत्नी पूजा के साथ मिलकर भोलू के घर में घुसकर उस पर हथौड़े और डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पत्नी प्रीति बचाव में आई तो उस पर भी सिर पर हथौड़े से वार किया गया। बेटे रोहित को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। गंभीर रूप से घायल भोलू ने शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि पत्नी प्रीति की मौत शनिवार सुबह हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद शनिवार शाम दंपती के शव घर पहुंचे तो गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि मृतक के भाई मोनी की तहरीर पर पहले मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसे बाद में हत्या की धाराओं में तरमीम कर दिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की हैं। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

ड्रोन की फर्जी व भ्रामक पोस्ट करने पर 15 केस दर्ज, 8 गिरफ्तार

ड्रोन के संबंध में सोशल मीडिया पर फर्जी रील व पोस्ट डालकर लोगों में दहशत फैलाने वाले 8 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर निगरानी करते हुए अभी तक 28 पोस्ट चिह्नित की हैं। 11 थानों में 15 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि जिले में पिछले दिनों ड्रोन के संबंध में सोशल मीडिया पर कई अफवाह फैली। कई लोगों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर फर्जी रील और पोस्ट कर लोगों में भय उत्पन्न किया। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के में पुलिस टीमों ने सोशल मीडिया प्लेटफार्मों की लगातार मॉनिटरिंग की। इसमें पाया गया कि इंस्टाग्राम पर 19 पोस्ट, फेसबुक पर 7 पोस्ट और ट्विटर पर 2 पोस्ट ड्रोन से संबंधित झूठी सूचना के साथ अपलोड की गई थी। कुल 28 पोस्ट चिह्नित की गईं। इन 28 फर्जी पोस्टों के आधार पर जिले के विभिन्न थानों में 15 मुकदमे दर्ज किए गए।
थाना परीक्षितगढ़ तीन, परतापुर और जानी में दो-दो, भावनपुर, लोहियानगर, मेडिकल, मुंडाली, सरधना, किठौर, कंकरखेड़ा और टीपीनगर में एक-एक मुकदमे दर्ज कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास अभी जारी है। एसएसपी ने कहा ड्रोन के संबंध में सोशल मीडिया पर भ्रामक व झूठी सूचना पोस्ट करना और थाना पुलिस को सूचित किए बिना ड्रोन उड़ाना दंडनीय अपराध है। इसका पालन न करने वालों के विरूद्ध भविष्य में कड़ी कार्रवाई की जाएगी ।
 

अनियंत्रित ट्रैक्टर का पहिया छात्र के ऊपर चढ़ा

कॉलेज की छुट्टी के बाद घर लौट रहे पावली खास गांव निवासी 16 वर्षीय अतुल कुमार सैनी के ऊपर एक बाइक सवार को बचाने के फेर में ट्रैक्टर का पहिया चढ़ गया। इससे छात्र घायल हो गया। छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अतुल के चचेरे भाई नितिन ने बताया कि अतुल कक्षा आठ तक की पढ़ाई गांव के एक प्राइवेट स्कूल में की। उसके पिता कुलदीप सैनी ने इस बार उसका दाखिला डीएमजी इंटर कॉलेज में कराया। शुक्रवार को अतुल का दाखिला कॉलेज में हुआ। पहले दिन वह कॉलेज पहुंचा और छुट्टी के बाद घर लौटने के दौरान जब वह साइकिल से पल्लवपुरम फेस प्रथम के सामने हाईवे पर डिवाइडर कट के पास पहुंचा तो दौराला की ओर जा रही ट्रैक्टर-ट्राली बाइक सवार को बचाने के फेर में अनियंत्रित हो गई और पहिया अतुल के ऊपर चढ़ गया, जबकि उसकी साइकिल पिछले पहिए के नीचे आ गई। मौके पर एकत्रित हुई भीड़ ने छात्र को बचाया और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने छात्र को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर कॉलेज प्रशासन व परिजन भी अस्पताल पहुंचे। वहीं, हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम पर काबू पाया। फिलहाल, छात्र की स्थिति में सुधार है। प्रधानाचार्य डॉ. आरके सिंह ने भी अस्पताल में पहुंचकर छात्र का हाल जाना। थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर ट्रैक्टर ट्रॉली के चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
 

चिराग के हत्यारोपी नाबालिगों भाइयों को बाल सुधार गृह भेजा

परतापुर थाना क्षेत्र के गगोल गांव में बृहस्पतिवार मामूली कहासुनी के दौरान हुई चिराग 14 की मौत के मामले में आरोपी दो नाबालिग भाइयों को किशोर न्यायालय में पेश किया गया। इसके बाद उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया गया। वहीं, एक अन्य आरोपी जयचंद को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया। गगोल निवासी नौवीं के छात्र चिराग साइकिल ठीक कराने के दौरान लात घूंसों से हमला कर हत्या कर गई थी।
 

ऋतिक के परिजनों के साथ एसएसपी ऑफिस पहुंचे लोग

परतापुर के मोहिउद्दीनपुर में हुई ऋतिक की हत्या के मामले में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ता पीड़ित परिवार के साथ एसएसपी आफिस पहुंचे। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान भीम आर्मी जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सूद, महानगर अध्यक्ष गौतम, जिला महासचिव शैलेंद्र सिंह, जिला कोर कमेटी के सदस्य अचल कुमार, जिला उपाध्यक्ष निक्की जाटव, आदेश गगोल, हर्ष भूड़भराल, सूर्यकांत बौद्ध, रवि कुमार आदि मौजूद रहे। 
 
विज्ञापन

20 लाख के निकले नशीले इंजेक्शन और दवाइयां, दोनों आरोपी भेजे जेल

औषधि विभाग और नौचंदी पुलिस ने फार्मासिस्ट यूनियन के अध्यक्ष आरटीओ रोड शास्त्रीनगर निवासी आजाद अली और जाकिर कालोनी निवासी मोहम्मद शाहनवाज उर्फ शानू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इनके कब्जे से बीस लाख रुपये के इंजेक्शन और नकली दवाईयां बरामद की गई है। इनकी सप्लाई वेस्ट यूपी के कई जिलों समेत आसपास के राज्यों में भी होती थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त आदेश हैं कि नशीली दवाईयों का दुरुपयोग न हो। मरीजों को भी पर्चे पर दवाई देने का नियम है। नशीली दवाईयों का दुरुपयोग आजाद अली के द्वारा किया जा रहा था। नौचंदी पुलिस के साथ ड्रग इंस्पेक्टर पीयूष शर्मा, प्रियंका चौधरी ने आजाद और मोहम्मद शाहनवाज के घर पर छापेमारी की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि 5800 इंजेक्शन डायजापाम, 12910 इंजेक्शन ट्रामाडोल, 830 गोलियां एल्प्राजोलाम, 50 इंजेक्शन ब्यूप्रेनॉर्फिन, 6240 कैप्सूल क्लोनाजेपाम और अन्य भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की गई है। विभिन्न अस्पतालों के फर्जी लेटर पैड एवं मोहरें भी मिली हैं। इन इंजेक्शन और दवाईयों की कीमत बीस लाख रुपये है। आरोपी बड़े ड्रग तस्कर है। इनकी सप्लाई बिना बिल के कई राज्यों में सप्लाई हो रही थी। आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी शिकंजा कसा जा रहा है। कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। जल्द ही इनको रिमांड पर लेकर अन्य पूछताछ की जाएगी।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें