स्पीड पोस्ट भेजकर मांगी 50 लाख की रंगदारी
फर्नीचर कारोबारी फजलुर्रहमान को स्पीड पोस्ट से दो पत्र भेजकर लिसाड़ी गेट निवासी उसके रिश्तेदार ने नसीर अहमद ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। आरोपी ने रंगदारी न देने पर धमकी दी। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र में इंदिरा चौक पर फजलुर्रहमान का बाबा फर्नीचर के नाम से शोरूम है। उनके पास स्पीड पोस्ट से दो पत्र आए। इनमें 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई थी। रंगदारी न देने पर परिवार के खात्मे की धमकी दी गई थी। पत्र पढ़कर फजलुर्रहमान और उनका परिवार दहशत में आ गया।
पीड़ित ने कोतवाली थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से पुलिस ने आरोपी नसीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़ित का कारोबार सही चलने और आरोपी को रुपयों की जरूरत होने के कारण उसने रंगदारी मांगी थी।
घर में घुसकर दंपती और बेटे को पीटा
जैदी फार्म में चार लोगों ने घर में घुसकर दंपती और उनके बेटे को पीटा। पीड़ित जुल्फिकार ने तहरीर में बताया कि बृहस्पतिवार रात उनके घर में शास्त्रीनगर निवासी जब्बाद, जैदी फार्म निवासी आदिल, साहिल और जमा उनके घर में हॉकी, सरिया और तमंचा लेकर घुस आए। उन्होंने उसके पुत्र सुहेल पर हमला कर दिया। जुल्फिकार और उसकी पत्नी अफसाना सुहेल को बचाने दौड़े तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा। धमकी देते हुए आरोपी भाग गए। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को तलाश किया जा रहा है।
मुकदमे में आरोपी दे रहे धमकी, रिपोर्ट दर्ज कराई
मुकदमे में खिलाफ गवाही देने पर आरोपी पीड़ित पक्ष को धमकी दे रहे हैं। देहली गेट थाने में मोहल्ला इग्लिश्यान बागपत गेट निवासी मोहम्मद साबिर ने एसएसपी के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि उनके बेटे शीश खान पर अप्रैल-2023 में स्मैक माफिया सरताज ने अपने साथियों के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर दिया था।
मुकदमा अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट में विचाराधीन है। आरोपी अपने पक्ष में गवाही देने का दबाव बना रहे हैं। पीड़ित ने बताया कि उनकी बेटी इरम खान नौकरी करती है। ड्यूटी से लौटते वक्त आरोपी सरताज ने सोनू, आसू उर्फ अस्सू और दिलशाद के साथ मिलकर उसे धमकी दी। कहा कि यदि हमारे पक्ष में गवाही नहीं दी तो तेरे पिता की हालत भाई से भी बुरी होगी। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पड़ोसी युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया
जानीखुर्द थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पड़ोसी युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पीड़िता ने बताया चार दिन पूर्व गांव के ही युवक ने उससे मोबाइल पर कॉल कर कहा कि उसके पास उसकी अश्लील फोटो हैं। आरोपी युवक ने उसे फोटो दिखाने के बहाने गांव के पास एक खेत में बुलाया। आरोप है कि ट्रिक से बनाई गई उसकी अश्लील फोटो दिखाकर युवक ने दुष्कर्म किया।
इसके बाद अगले दिन फिर आरोपी युवक ने उसे खेत में बुलाया, लेकिन उसने आने से मना कर दिया। इसके बाद से आरोपी उसकी फर्जी अश्लील फोटो को वायरल करने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, महिला ने जानी थाना पुलिस पर आरोप लगाया है कि पुलिस ने आरोपी युवक को पकड़ने के बाद छोड़ दिया गया। इसकी शिकायत वह एसएसपी से करेगी। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल के अनुसार घटना की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
शादी का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म
सोशल मीडिया पर खुर्जा के मोहल्ला पंजाबियान निवासी युवती का क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से दोस्ती हो गई। इनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। युवती ने सीओ खुर्जा को प्रार्थना पत्र देकर युवक पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। दौराला पुलिस के अनुसार, युवती ने सीओ खुर्जा के यहां प्रार्थना पत्र देकर युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। इसके बाद खुर्जा से प्रार्थनापत्र दौराला थाने आया। शुक्रवार को पुलिस ने दोनों पक्षों को वार्ता के लिए थाने बुलाया, लेकिन घंटों बाद भी दोनों में सहमति नहीं बन सकी। इस पर दौराला पुलिस ने दोनों पक्षों को खुर्जा सीओ के पास भेज दिया।
दोस्त के साथ संबंध बनाने का दबाव बना रहा पति
मेरठ। लोहियानगर क्षेत्र निवासी महिला पर उसका पति दोस्त के साथ संबंध बनाने का दबाव बना रहा है। पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि 2013 में उसकी शादी हुई थी। एक बेटा और एक बेटी है। छह माह से उसके पति का व्यवहार बदल गया है।
वह अपनी दुकान पर काम करने वाले युवक को साथ लाता है। घर में बैठकर शराब पीता है। उसके साथ संबंध बनाने के लिए कहता है। पति के दोस्त ने भी धमकी दी। सीओ कोतवाली का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
साली पर डंडे से किया हमला
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की रोहटा रोड स्थित गांव मुरलीपुर गुलाब निवासी शबाना ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि वह सुबह अपने घर पर थी। इसी दौरान मुरलीपुर निवासी उसका जीजा खुर्शीद घर आया। यहां किसी बात पर उसने महिला के साथ अभद्रता कर दी। पीड़िता ने विरोध किया तो सिर पर डंडा मारकर हमला किया गया। सिर में चोट लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।