मवाना के मोहम्मद रामबाग निवासी राजकुमार ने बताया कि उसका भाई जॉनी रविवार को चिरौड़ी गांव में बहन के ससुराल गया था। लौटते समय वह सागर को साथ लेकर आ रहा था। सरधना मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद वह भांजे के साथ बाइक सड़क किनारे खड़ी करके बात करने लगा। इसी बीच एक पिकअप सवार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह भी चपेट में आकर घायल हो गए। मौके पर एकत्रित हुई भीड़ ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। राजकुमार ने थाने पर तहरीर दी है।
मुठभेड में इनामी बदमाश गोली लगने से घायल
परीक्षितगढ़। थाना पुलिस की शनिवार रात गांव सोना जई संपर्क मार्ग के जंगल में बाइक सवार वांछित 25 हजार ईनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड में पुलिस की बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने घटना स्थल से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस व खोखा, स्पलैंडर बाइक बरामद कर घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
थानाध्यक्ष दिनेश प्रताप ने बताया कि थाना किठौर के गांव कायस्थ बड्ढा निवासी वसीम डकैती की घटना में वांछित चल रहा था। वसीम पर अलग-अलग थानों में सात मुकदमें पंजीकृत है। एसएसपी ने वसीम पर 25 हजार का ईनाम घोषित कर रखा था। गांव सोना जई रजवाहे के संपर्क मार्ग पर पुलिस ने बदमाश को घेर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश वसीम के बांए पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से एक तमंचा 315, एक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
भूमाफियाओं ने किया पालिका की जमीन पर अवैध निर्माण
सरधना नगर के बिनौली रोड पर पेट्रोल पंप के सामने नजूल की भूमि है। विगत दिनों कुछ भू-माफियाओं ने जमीन पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया था। करोड़ों रुपये मूल्य की इस भूमि पर जैसे ही निर्माण कार्य शुरू हुआ। तभी स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला को दी। सूचना मिलते ही अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने नजूल लिपिक मनोज कुमार को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया। इसके बाद पालिका की ओर आरोपियों को नोटिस जारी कर नजूल की भूमि पर निर्माण नहीं करने की हिदायत दी। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमा की तैयारी की जा रही है। सोमवार कार्यालय खुलने पर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर पालिका को बोर्ड लगाया जाएगा।
दो पक्षों के संघर्ष में बीस के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सरधना थाना क्षेत्र के गांव छुर में रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर हुए दो पक्षों में खूनी संघर्ष के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों से बीस नामजद व कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गांव छुर निवासी उस्मान उसके पड़ोसी अय्यूब सरकारी रास्ते पर अवैध कब्जे को लेकर खूनी संघर्ष हो गया था। जिसमें दोनाें पक्षों से महिलाओं समेत 14 लोग घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया था। दोनों पक्षों ने एक दूसरे खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर अनीस, गुफरान, आशु, आरिफ, इन्तजार, शहजाद, सुहैल, आरिफ उर्फ मललू, कुछ अज्ञात जबकि दूसरे पक्ष से यामीन, मोसीन, मोमीन, साजिद, राशिद, उस्मान, आदिल, इकबाल, सलमान, नदीम, साहिब व शादाब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सीओ सरधना संजय कुमार जायसवाल का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चालान किया जाएगा।
खेत में रखे ट्रांसफार्मर को चोरी कर ले गए चोर
सरधना थानाक्षेत्र में गांव जुल्हेडा के जंगल में शनिवार देर रात चोरों ने खेत में रखा ट्रांसफार्मर चोरी कर लिया। किसान विकास त्यागी ने चोरी की घटना से उर्जा निगम के अधिकारियों को अवगत कराया। जुल्हेड़ा निवासी किसान विकास त्यागी ने बताया कि उनके घेर में एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर रखा हुआ था। जिसका इस समय कोई उपयोग नहीं हो रहा था। ट्रांसफार्मर की चोरी का प्रयास कुछ दिन पूर्व भी किया गया था। किसान ने ट्रांसफार्मर को जमीन से हटाकर पोल पर स्थापित कराए जाने की मांग थी, लेकिन, उर्जा निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि ट्रांसफार्मर लंबे समय से खेत में खुले में रखा था। ऊर्जा निगम के एक्सईएन दुर्गेश जायसवाल ने बताया कि मामले की जानकारी कराई जा रही है और यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही मिली तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यौन शोषण की पीड़िता को आरोपी ने दी धमकी
मेरठ हरियाणा के रोहतक निवासी युवती ने सदर बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि उसकी मुलाकात सोशल मीडिया के माध्यम से सदर बाजार क्षेत्र के ढोलकी मोहल्ला निवासी अमन वर्मा से हुई थी। 29 सितंबर 2024 को आरोपी ने शादी का झांसा देकर परतापुर के एक होटल में उससे शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता गर्भवती हो गई। पता चलने पर आरोपी ने गर्भपात का दबाव बनाया। विरोध करने पर मारपीट की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। आरोपी के खिलाफ उसने 11 मई को परतापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोपी मुकदमा वापस न लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। सीओ कैंट संतोष कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
कहासुनी में चाकू से हमला
बहसूमा क्षेत्र के गांव रामराज निवासी प्रवेश ने पुलिस को बताया कि रविवार को वह हरियाणा से मजदूरी कर घर लौट रहा था। रास्ते में ही मोहल्ले के ही एक महिला व दो युवक बेवजह गाली गलौज कर मारपीट पर उतारू हो गए। उसने विरोध किया तो उसे लाठी डंडों से पीटा। आरोप है कि उस पर चाकू से हमला किया गया, जिसमे वह घायल हो गया। पीड़ित ने महिला व दो युवकों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है।
ग्राम प्रधान पर लगाया श्मशान की भूमि बेचने का आरोप
मेरठ। रजपुरा ब्लाक के गांव किनानगर निवासी इरशाद की हाइवे के किनारे पर कृषि भूमि है। इस भूमि के बराबर में ही करीब 100 साल से गांव का श्मशान है। आरोप है कि ग्राम प्रधान नीरज कश्यप, इरशाद से मिलकर श्मशान की भूमि को उसकी जमीन में मिलाकर बेचने की फिराक में है।
जिसके चलते शनिवार की देर रात में ग्राम प्रधान और इरशाद ने जेसीबी से श्मशान भूमि की चारदीवारी तुड़वा दी। रविवार सुबह ग्रामीणों ने चार दीवारी टूटी देखी तो ग्रामीणाें ने हंगामा शुरू कर दिया। भावनपुर इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने ग्रामीणों काे समझाकर मामला शांत कराया। दीपक भारद्वाज, पंकज भारद्वाज, अरविंद तोमर, मोंटी त्यागी, योगेंद्र तोमर, जयचंद व अमित त्यागी सहित अन्य ग्रामीणों ने भावनपुर थाने पहुंचकर ग्राम प्रधान और इरशाद के खिलाफ तहरीर दी।
जिस जमीन पर श्मशान बना है यह खसरा नंबर 983 है। यह भूमि इरशाद की है। इरशाद ने इस भूमि पर किसान क्रेडिट कार्ड भी बनवाया हुआ है और एनएचएआई से मुयावजा भी मिल चुका है। - नीरज कश्यप, ग्राम प्रधान
मां-बेटियों से हुई लूट का भी नहीं हुआ खुलासा
लालकुर्ती थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात ई-रिक्शा सवार मां-बेटियों से पर्स लूट का खुलासा भी पुलिस नहीं कर पाई है। हरियाणा के सोनीपत की श्री वर्धमान गार्डेनिया सोसाइटी निवासी गरिमा बत्रा बृहस्पतिवार रात मां सुषमा बत्रा और बहन मेघना बत्रा के साथ जेल चुंगी से ई-रिक्शा में पल्लवपुरम जा रही थीं। कमिश्नर आवास चौराहे से बाइक सवार दो बदमाश उनके पीछे लग गए। कैंट बोर्ड के पुराने टोल टैक्स प्वाइंट के पास बदमाश गरिमा से पर्स लूटकर तेजी से फरार हो गए। पर्स में सोने के टॉप्स, चांदी का लॉकेट, 3600 रुपये, क्रेडिट व डेबिट कार्ड आदि सामान था।
बास्केटबाल ट्रायल में घायल हुआ था छात्र, पिता ने दर्ज कराया मुकदमा
सदर थाना क्षेत्र के मेरठ पब्लिक स्कूल में करीब 20 दिन पूर्व एक छात्र बास्केटबाल खेलते हुए घायल हो गया। छात्र के पिता ने स्कूल प्रबंधन और टक्कर मारने वाले छात्र पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।
गंगानगर क्षेत्र के रक्षापुरम निवासी सुशांत राजपूत ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनका 16 वर्षीय बेटा 25 मई को मेरठ पब्लिक स्कूल में बास्केटबाल के ट्रायल के लिए गया था। इस दौरान एक खिलाड़ी ने उनके बेटे की नाक पर जानबूझकर अपने सिर से जोरदार टक्कर मारी। इससे उनका बेटा बेहोश हो गया। उसका काफी खून बह गया। उसकी सांस उखड़ रही थी। स्कूल में कोई चिकित्सीय सुविधा नहीं थी।
स्कूल प्रबंधन ने आरोपी को भगा दिया। उन्होंने अपने बेहोश बेटे को अकेले ही स्कूल से निकाला। आरोप है कि इस घटना के लिए स्कूल प्रबंधन, आयोजन से जुड़े लोग और टक्कर मारने वाला खिलाड़ी जिम्मेदार है। पुलिस में चोट पहुंचाने और धमकी देने की धारा में रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ कैंट संतोष कुमार का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।