इंचौली में तीन ट्रांसफार्मरों से सामान चोरी
इंचौली थाना क्षेत्र में सोमवार रात चोरों ने कस्तला, नवीपुर और सधारणपुर गांवों के जंगल से नलकूपों पर रखे ट्रांसफार्मरों से काफी सामान चोरी कर लिया। इस पर किसानों ने नाराजगी जताई। चोरों ने कस्तला गांव के किसान सुरेंद्र पंवार और गजे सिंह, गांव नवीपुर निवासी धर्म सिंह और सधारणपुर गांव निवासी मेहर सिंह और राजेंद्र के नलकूपों पर रखे ट्रांसफार्मरों काे निशाना बनाया।
चोर इसमें से कॉपर की कॉयल, तेल सहित अन्य सामान ले गए। किसानों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के पहुंचने पर उन्होंने बताया पिछले तीन माह में करीब एक दर्जन ट्रांसफार्मर चोरी हो चुके हैं। बीस दिन पहले ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर की कॉयल रिक्शे में ले जाते हुए दो युवकों को पकड़ा था। इस मामले में सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।
सराफा कारोबारी का 100 ग्राम सोना लेकर भाग गया कारीगर
सदर सराफा बाजार में चौबीस घंटे पहले ही दुकान पर काम शुरू करने वाला एक कारीगर व्यापारी की दुकान से 100 ग्राम सोने के आभूषण लेकर गायब हो गया। घटना तीन अप्रैल की है। पहले तो कारोबारी खुद ही कारीगर की तलाश करता रहा। अब केस दर्ज कराया गया।
सदर थाना क्षेत्र के दाल मंडी निवासी सुशांत ने बताया कि वह मूल रूप से खुरसुड़ी जिला सांगली महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। उनकी संत मार्केट सदर बाजार में सुशांत पोलिश सेंटर के नाम से दुकान है। वह सोने की छिलाई और पोलिश का काम कराते हैं। उनके अनुसार 11 दिन पूर्व दुकान पर फिरोज नाम का युवक आया था। उसने खुद को कोलकाता का रहने वाला कारीगर बताया।
तीन अप्रैल को वह 100 ग्राम के आभूषण लेकर भाग गया। कारोबारी के मुताबिक घटना वाले दिन ये आभूषण दुकान पर रखकर वह कहीं गए थे। इसी दौरान कारीगर ये आभूषण ले गया। इनकी कीमत करीब 10 लाख रुपये है। एसपपी सिटी विक्रम सिंह के मुताबिक सीडीआर के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
समझौता न करने पर युवती पर तेजाब से हमले की धमकी
सरधना। थाना क्षेत्र के गांव सलावा में मारपीट के मामले में समझौता न करने पर आरोपियों ने युवती पर तेजाब हमले की धमकी दी है। आरोपी बाइक पर सवार होकर पीड़ित के गली के बाहर तक पहुंचे थे। दहशत में पीड़ित पक्ष ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग के लिए थाना पहुंचे। साथ ही गली के बाहर घूमते आरोपियों की सीसीटीवी फुटेज पुलिस को सौंपी। पुलिस आरोपियों को तलाश रही है।
गांव सलावा निवासी कुलदीप ने पुलिस को बताया कि 25 फरवरी को गांव के ही कुछ लोगों ने नाली से कूड़ा निकालकर उसके घर के सामने डाल दिया था। घर के बाहर कूडा डालने को उसकी मां मुन्नी देवी ने विरोध किया। जिस पर आरोपियों ने घर में घुसकर उसकी मां पर लाठी-डंडाें से जानलेवा हमला कर दिया था। बचाव में आई उसकी बेटियों से भी आरोपियों ने जमकर मारपीट की थी। पीड़ित ने आरोपी संजय, आदर्श, युवराज आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की है।
आरोप है कि मंगलवार को एक बार फिर आरोपी उनके घर पर आ गए। उन्होंने आते ही उससे मुकदमा वापस लेने के लिए कहा। साथ ही ऐसा न करने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। आरोप है कि उनकी बेटी घर की छत पर खड़ी हुई थी। एक आरोपी ने उसे देखकर मुकदमा वापस न लेने पर तेजाब हमले की धमकी दी।
जली कोठी में बन रहे थे नकली बैंडबाजे
मेरठ में नकली सामान बनने के लगातार मामले उजागर हो रहे हैं। देहली गेट थाना पुलिस ने जली कोठी स्थित अतानस की कोठी में एक बैंड के गोदाम पर मंगलवार शाम छापा मारा। पुलिस ने मौके से दस लाख रुपये से ज्यादा का बैंड का नकली सामान बरामद किया। नादिर अली एंड कंपनी के नाम से ये सामान तैयार किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
नादिर अली एंड कंपनी के सेल्स मैनेजर प्रदीप जोशी ने बताया कि उनके ट्रेडमार्क का किसी अन्य को प्रयोग करना गैरकानूनी है। आरोप है कि कंपनी में काम करने वाले एक कर्मचारी व स्टोर कीपर के परिजन ने मिलते जुलते नाम से एक कंपनी खोली। इसके बाद उनका नाम प्रयोग कर फर्जी बैंड व अन्य सामान बनाने लगे।
सामान पर उनके ट्रेडमार्क का प्रयोग किया गया। जिससे कंपनी की साख खराब हो रही है। करोड़ों रुपये की क्षति भी हो रही है। प्रदीप ने इसकी शिकायत इंस्पेक्टर देहली गेट रमेश चंद्र शर्मा से की। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नवाबगढ़ी से लापता रिहान का सुराग नहीं
नवाबगढ़ी गांव से संदिग्ध हालात में लापता हुए 11 वर्षीय बालक का 12 दिन बाद भी सुराग नहीं लग सका है। बेसुध माता-पिता घर के बाहर बैठकर बेटे का इंतजार करते रहते हैं। परिजन जगह-जगह उसकी तलाश कर रहे हैं। पुलिस भी परिजनों को केवल आश्वासन दे रही है। करीब 12 दिन पहले नवाबगढ़ी गांव से इमरान का 11 वर्षीय पुत्र रिहान संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पुलिस भी उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस ने नवाबगढ़ी गांव में घर-घर तलाशी अभियान भी चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। संवाद
कार की टक्कर से तीन घायल
दौराला में लावड़ रोड पर काली नदी के पास मंगलवार को कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने कार सवार को हिरासत में ले लिया और घायलों को सीएचसी दौराला में भर्ती कराया। गांव मटौर निवासी दीपक और दौराला निवासी सुनीता सब्जी विक्रेता हैं। मंगलवार को वह दोनों ई-रिक्शा चालक समसपुर गांव निवासी अनिल के साथ लावड़ सब्जी लेने गए थे। सब्जी लेकर लौटने के दौरान काली नदी के पास पहुंचते ही पीछे से आ रही एक कार ने उनके ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। इस कारण तीनों घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा।
हादसे में बाइक सवार दो घायल
मवाना। थाना हस्तिनापुर क्षेत्र के गांव दरियापुर निवासी दिनेश बाइक पर बैटरी लेकर गांव के ही रवि के साथ मंगलवार सुबह 11 बजे मवाना आ रहा था। बाइक रवि चला रहा था। यह लोग मवाना-मखदूमपुर मार्ग पर नवजीवन किसान इंटर काॅलेज के पास पहुंचे तो उसी दौरान सामने से आई इको कार की चपेट में आने से दोनों घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से दिनेश की हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर कर दिया। पुलिस का कहना है कि अभी तहरीर नहीं आई है।
भराव कर रहे 14 डंपर जब्त
मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव बढ़ला कैथवाड़ा के जंगल से मिट्टी उठान में लगे 14 डंपर को पुलिस ने जब्त किया है। भारतीय किसान यूनियन किसान सभा के जिलाध्यक्ष शुभम त्यागी ने बताया कि क्षेत्र में किसानों के खेत तालाब बन रहे हैं। वह काफी दिनों से मांग कर रहे थे कि मिट्टी का उठान कम किया जाए। मंगलवार को सीओ किठौर प्रमोद कुमार और एसओ मुंडाली दिव्य प्रताप सिंह के नेतृत्व में संज्ञान लिया और जिला खनन अधिकारी को अवगत कराया गया। उन्होंने मानक से अधिक मिट्टी उठाने के आरोप में 14 डंपर और दो अन्य वाहन को जब्त कर पुलिस चौकी मऊखास पर खड़ा कर दिया। पुलिस ने बताया कि आगे की कार्रवाई खनन विभाग के अधिकारियों द्वारा की जाएगी।
पुलिस चाैकी के नजदीक से बस चोरी
मवाना बस स्टैंड पुलिस चौकी निकट मुजफ्फरनगर बस स्टैंड के बाहर अटोरा रोड़ के रहने वाले अफजल की प्राइवेट बस खड़ी होती है। अफजल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बस मवाना के एक निजी स्कूल में बच्चों को लाने ले जाने के लिए लगी है।
रोजाना की तरह सोमवार शाम ड्राइवर अबरार बस स्टैंड के बाहर सड़क किनारे बस खड़ी कर अपने घर चला गया। मंगलवार सुबह वह बस लेने के लिए पहुंचा तो वहां नहीं मिली। चालक ने चोरी की जानकारी उसे दी। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो सोमवार रात 2.07 बजे अज्ञात व्यक्ति बस को चोरी कर किला रोड की ओर ले जाता दिखाई दिया।
घर के बाहर खड़े युवक पर जानलेवा हमला
सरधना नगर के मोहल्ला किला खेवान में घर के बाहर खड़े युवक पर आरोपियों ने छुरी से जानलेवा हमला कर दिया। इसमें युवक गंभीर घायल हो गया। बेसुध होने पर आरोपी उसे मरा समझकर भाग गए। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेरठ रेफर कर दिया। मोहल्ला किला खेवान निवासी जुनैद पुत्र हयात ने तहरीर में बताया कि सोमवार रात करीब 10 बजे उसका भाई शुएब घर के बाहर खड़ा था। दो युवक वहां पहुंचे और उसके साथ गाली गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने छुरी से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। युवक की आंख के पास व गर्दन पर कई वार किए। जिससे वह लहूलुहान बेसुध होकर मौके पर गिर गया। आरोपी उसे मरा समझ और लोगों को आते देख मौके से भाग गए।