फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut Crime News: CCSU में वर्चस्व को लेकर फिर फायरिंग, पति ने दिया तीन तलाक, जेठ पर दुष्कर्म का आरोप

Tue, 09 Jan 2024 04:10 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

सीसीएसयू में सोमवार को दो थार गाड़ियों में पहुंचे युवकों पर तीन युवकों ने साइड में हटने को कहने और हॉर्न बजाने फायरिंग कर दी। वहीं लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र निवासी महिला ने अपने पति पर खुद को तीन तलाक देने और जेठ पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
विज्ञापन
मेरठ क्राइम न्यूज - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

सीसीएसयू में सोमवार को दो थार गाड़ियों में पहुंचे युवकों पर तीन युवकों ने फायरिंग कर दी। आरोपी सड़क के बीच में चल रहे थे। साइड में हटने को कहने और हॉर्न बजाने के बाद आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। फायरिंग की सूचना पर मेडिकल पुलिस मौके पर पहुंच गई। तब तक आरोपी फरार हो गए। मेडिकल थाने में तहरीर दी गई। पुलिस का कहना है कि फायरिंग नहीं हुई है। गाड़ी पर ईंट मारी गई है। 

विज्ञापन


एक निजी विश्वविद्यालय में एलएलबी के छात्र विकुल चपराना के भाई सीसीएसयू के योग विभाग में हैं। विकुल थार गाड़ी से दोपहर भाई को क्रेडिट कार्ड देने गया था। उसके साथ दूसरी थार गाड़ी में दोस्त ईशू भड़ाना, शंभु पहलवान और अंकित भड़ाना भी थे।

 

विकुल का आरोप है कि वे एमबीए विभाग के सामने से गाड़ी मोड़कर ला रहे थे। सड़क के बीच में सिद्धार्थ कसाना, प्रवीण शर्मा और उनके साथी चल रहे थे। हॉर्न देने के बाद भी तीनों नहीं हटे तो विकुल ने कहा कि सामने से हट क्यों नहीं रहे हो। 

आरोप है कि इस पर सिद्धार्थ कसाना ने कहा-जानता नहीं तू मेरा नाम सिद्धार्थ गुर्जर है। इस पर विकुल ने कह दिया कि वह भी गुर्जर है। इसके बाद गाली-गलौज हो गई। विकुल ने गाड़ी निकाली तो सिद्धार्थ ने फायरिंग कर दी। पीछे डिग्गी पर ईंट मार दी। गोली चलने के बाद विकुल और उसके दोस्त मेन गेट पर पहुंचे।

विज्ञापन


उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को जानकारी दी। इसके बाद सूचना पर मेडिकल पुलिस पहुंच गई। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी फरार हो गए। विकुल की तरफ से मेडिकल थाने में तहरीर दी गई है। सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी का कहना है कि फायरिंग की पुष्टि नहीं हो पा रही है। सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है।

फेयरवेल पार्टी के नाम पर हुड़दंगी छात्रों की तीन गाड़ियां सीज
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर कार सवार छात्रों ने रविवार को जमकर हुड़दंग मचाया था। फेयरवेल पार्टी के नाम पर छात्र गाड़ियों पर खड़े होकर स्टंट करते हुए दिखाई दिए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के आधार पर पल्लवपुरम पुलिस दिनभर छात्रों की तलाश में लगी रही। शाम तक तीन गाड़ी सीज कर दीं। 

मोदीपुरम के एक नामचीन स्कूल के कक्षा 12 के छात्रों ने बाईपास स्थित परतापुर क्षेत्र के एक होटल में फेयरवेल पार्टी की थी। पार्टी के बाद छात्रों ने गाड़ियों पर खुलेआम तेज रफ्तार के साथ स्टंट किए। चलती गाड़ी में खिड़कियों से शरीर का हिस्सा बाहर निकालकर शोरगुल मचाया। नियमों को ताक पर रखने संबंधी वीडियो वायरल हो रहा है।

सोमवार को अमर उजाला में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की हुई। इसके बाद पल्लवपुरम पुलिस नंबर के आधार पर छात्रों की पहचान करने में लग गई। सोमवार शाम तक दो गाड़ियों को पकड़ लिया गया। ये गाड़ी पल्लवपुरम और दौराला की थीं। पल्लवपुरम थाना प्रभारी का कहना है कि दो गाड़ी सीज कर दी। एक गाड़ी को जानी पुलिस ने सीज किया है।

कार में टक्कर मार ढाबे में घुसा कैंटर, व्यवसायी गंभीर
दिल्ली-देहरादून बाईपास पर सोमवार दोपहर स्कूटी सवार छात्रा को बचाने के चक्कर में कैंटर डिवाइडर के पार विपरीत दिशा में जाकर पलटता चला गया। कैंटर की टक्कर से आई-20 कार सवार व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद कैंटर एक ढाबे में जाकर घुस गया। कैंटर चालक की लोगों ने पकड़कर पिटाई की। परतापुर पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर कैंटर को कब्जे में ले लिया है। 

प्रतापगढ़ निवासी अनिल पुत्र छेदीलाल हरिद्वार से इलेक्टि्रक सामान लेकर कैंटर से से नोएडा जा रहा था। परतापुर थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून हाईवे पर दीवान कॉलेज से एक छात्रा अपने पिता के साथ स्कूटी पर निकली। आगे कट पर अचानक छात्रा की स्कूटी गिर गई। छात्रा को बचाने के चक्कर में तेज रफ्तार कैंटर पलटकर डिवाइडर को तोड़ते हुए विपरीत दिशा में सड़क पर चला गया। कैंटर ने सामने से आ रही आई-20 गाड़ी में टक्कर मार दी। 

इसके बाद कई पलटी खाते हुए वह नितिन ढाबे में जा घुसा। कैंटर से ढाबा क्षतिग्रस्त हो गया। वहां खाना खा रहे कई छात्र बाल-बाल बच गए। होटल कर्मचारियों और लोगों ने कैंटर चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई की। सूचना पर पहुंची परतापुर पुलिस ने चालक अनिल को लोगों से छुड़ाकर थाने भेजा। कैंटर को कब्जे में ले लिया। हादसे में होटल संचालक का भाई निशांत और आई-20 के चालक अंकित अग्रवाल घायल हो गए। अंकित मूल रूप से बरेली के रहने वाले हैं। 

वे नोएडा में मोहन इंर्फा डेवलेपर प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनी चलाते हैं। अंकित नोएडा से मेरठ आ रहे थे। लोगों ने बताया कि ढाबे के उपर से हाईवोल्टेज लाइन भी निकल रही है। जिसका ट्रांसफार्म ढाबे के बराबर में ही रखा है। अगर कैंटर लाइन या  ट्रांसफार्मर से टकरा जाता तो बड़ा हादसा हो जाता। थाना प्रभारी जयकरण सिंह ने बताया कि तहरीर के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।

अंतरराज्यीय गैंग के दो सदस्य गिरफ्तार, जेवर बरामद
कंकरखेड़ा थाना पुलिस ने रविवार रात अंतरराज्यीय गैंग के दो चोरों शेखर उर्फ बाबा और गोविंद को गिरफ्तार किया। उनके पास से करीब दस लाख रुपए की कीमत के जेवरात, तमंचा, चाकू और चुराई गई बाइक बरामद की गई। इनका एक साथी फरार हो गया। ये आरोपी चोरी किया गया सामान बेचने के लिए जा रहे थे। आरोपियों पर मेरठ के थानों के अलावा देहरादून उत्तराखंड में भी केस दर्ज हैं।

सीओ दौराला अभिषेक पटेल ने बताया कि रविवार रात पुलिस जवाहर नगर रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवकों को आता देख रोकने का इशारा किया। पुलिस को देख युवक भागने लगे। पुलिस ने पीछाकर दो युवकों को पकड़ लिया। जांच में पता चला कि ये युवक चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते हैं। उनके पास से चोरी किए गए जेवरात, तमंचा, चाकू और चुराई गई बाइक बरामद की। पुलिस दोनों को पकड़कर थाने ले आई। 

पकड़े गए आरोपियों में शेखर उर्फ बाबा निवासी कालिंदी थाना सरधना और गोविंद निवासी जवाहरनगर हैं। फरार आरोपी वसीम निवासी लाल मोहम्मदपुर थाना कंकरखेड़ा है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों पर देहरादून, कंकरखेड़ा, टीपीनगर व रोहटा थाने में केस दर्ज हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चोरी का माल बेचने जा रहे थे। पुलिस माल खरीदने वाले की तलाश में भी जुट गई है। 

महिला के शव की हुई पहचान, पति ने प्रेमी पर जताया हत्या का शक
मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र में तीन जनवरी को मिले महिला के शव की सोमवार को पहचान हो गई। महिला ब्रह्मपुरी के भगवतपुरा की निवासी गुंजन सैनी थी। वह दो जनवरी को अपने दोनों बच्चों को घर छोड़कर दवा लेने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद घर नहीं लौटी।
 
पति विशाल सैनी ने ब्रह्मपुरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पति ने उसके प्रेमी पर हत्या का शक जताया है। वहीं, महिला के मायके वाले पति और उसके रिश्तेदारों पर आरोप लगा रहे हैं। एसपी देहात कमलेश बहादुर ने बताया कि मामले की जांच के बाद खुलासा किया जाएगा।

सोमवार को जनपद बुलंदशहर के खुर्जा में सैनी धर्मशाला सुभाष रोड निवासी आकाश, मनी उर्फ गौरव पुत्र श्याम सुंदर सैनी मोर्चरी पहुंचे। उन्होंने शव की पहचान अपनी बहन गुंजन के रूप में की। भाइयों ने गुंजन के पति और ननदोई पर प्रेम-प्रंसग के शक में हत्या करने का आरोप लगाया।
 
भाइयों ने बताया कि गुंजन की शादी थाना ब्रह्मपुरी के मोहल्ला भगवतपुरा हनुमान मंदिर के पास रहने वाले विशाल सैनी के साथ 22 फरवरी 2019 को हुई थी। इस मामले में ट्रेनी सीओ नितिन तनेजा ने बताया कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।

बच्ची को छत से फेंकने के मामले में सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज
ग्रेटर पल्लवपुरम में बच्ची को छत से फेंकने के प्रयास के मामले में सोमवार को पीड़ित महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है। ग्रेटर पल्लवपुरम निवासी डिंपल के मुताबिक एक जनवरी को तीसरी मंजिल पर रहने वाले व्यक्ति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर उनकी आठ वर्षीय बच्ची सौम्या को छत से नीचे फेंकने का प्रयास किया था। विरोध पर आरोपियों ने अभद्रता करते हुए मारपीट की। मामले की जांच पल्लवपुरम पुलिस को सौंपी गई थी, मगर पुलिस ने मामला पार्किंग के विवाद का बताया। इसके चलते पीड़िता ने सोमवार को अधिकारियों से मुलाकात की और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत की। 

नहीं पकड़ा गया दुष्कर्म का आरोपी
लिसाड़ीगेट क्षेत्र में 10 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस नहीं पकड़ पाई है। यह किशोरी पड़ोस में पढ़ने जाती थी। आरोप है कि यहीं पर आरोपी जाहिद पैसे व खाने के सामान का लालच देता रहा। यह प्रलोभन देकर उसने दुष्कर्म किया। रविवार रात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया। सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है।

पति ने दिया तीन तलाक, जेठ पर दुष्कर्म का आरोप 
मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र निवासी महिला ने अपने पति पर खुद को तीन तलाक देने और जेठ पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। सोमवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचकर महिला ने कार्रवाई की गुहार की। पीड़िता ने बताया कि उसकी शादी 22 साल पहले हुई थी।

महिला ने बताया कि उसका पति सात साल पहले उसे छोड़कर चला गया था। आरोप है कि कुछ दिन पहले पति अचानक घर लौटा और महिला के साथ मारपीट की। महिला के मोबाइल पर फोन कर उसे तीन तलाक दे दिया। आरोप है कि उसके जेठ ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। 
विज्ञापन

मशीन दिलाने के नाम पर 3.80 लाख रुपये हड़पे
लिसाड़ीगेट क्षेत्र में नई तारापुरी निवासी नईम ने अलीगढ़ निवासी व्यक्ति पर कटर मशीन दिलाने के नाम पर 3.80 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने एसएसपी दफ्तर में शिकायत दी। नईम ने बताया कि उन्हें कटर मशीन की जरूरत थी। इसके लिए उन्होंने अलीगढ़ स्थित एक फर्म में संपर्क किया।

आरोप है कि फर्म मालिक ने उन्हें बातों में उलझाकर 3.80 लाख रुपये ले लिए। काफी समय गुजर जाने के बाद भी जब मशीन नहीं आई तो उन्होंने फर्म मालिक से फोन पर संपर्क किया। आरोप है कि उसने अभद्रता कर जान से मारने की धमकी दी। अब फोन भी नहीं उठाया जा रहा है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने सीओ कोतवाली को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें