फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut Crime News: करोड़ों रुपये की जमीन बेचने पर मुकदमा, महिला से हेड कांस्टेबल ने की छेड़छाड़

Sat, 30 Dec 2023 04:46 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
मेरठ क्राइम न्यूज - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन

मैनकाइंड फार्मा कंपनी की करोड़ों रुपये की जमीन को गलत तरीके से बेचने के मामले में परतापुर थाने में सात नामजद और 10 अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी, जान से मारने की धमकी देने समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ ब्रह्मपुरी शुचिता सिंह ने बताया कि मामले में कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन


मैनकाइंड फार्मा कंपनी ओखला इंडस्ट्रीयल एस्टेट फेज-3 नई दिल्ली की परतापुर थाना क्षेत्र में दिल्ली हाईवे पर 1.5240 हेक्टेयर जमीन है। दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी ने 0.5926 हेक्टेयर जमीन आदित्य प्रकांत पुत्र राकेश कुमार, निवासी न्यू ऋषिपुरम नई बस्ती रोहटा रोड थाना कंकरखेड़ा को 21 फरवरी को बेची थी। उसके पास स्थित जमीन में से 0.3720 हेक्टेयर जमीन आदित्य प्रकांत को 28 अप्रैल को बेची गई थी।

आरोप है कि आदित्य ने बिना दाखिल खारिज कराए खुद को मालिक दिखाकर जमीन में प्लाटिंग कर दी। आदित्य प्रकांत ने अपने भाई रमन चौधरी, पिता राकेश कुमार, ममेरे भाई सौरभ व आशुतोष, सुपरवाइजर नितिन कुमार से आपराधिक षड्यंत्र कर एक अवैध लेआउट रमन एन्क्लेव के नाम से तैयार करा लिया। लेआउट में कंपनी के खसरा नंबर 1034 की भूमि को भी शामिल कर लिया। इसमें प्लाट नंबर ए-6 के विक्रय पत्र 23 फरवरी के माध्यम से खसरा संख्या-1028 दिखाकर बेच दिया, जबकि लेआउट में प्लाट नंबर-ए-6, खसरा संख्या 1034 की भूमि में है।
विज्ञापन


आरोप है कि इस मामले में दीपक कुमार, आदित्य प्रकांत, रमन चौधरी, सौरभ, आशुतोष, सुपरवाइजर नितिन कुमार, राकेश कुमार एवं 8-10 अज्ञात लोग चार फरवरी को हथियार लेकर जमीन पर पहुंचे और गार्ड को कमरे में बंद कर निर्माण शुरू कर दिया। सीओ शुचिता सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, कार्रवाई की जाएगी।

बिजली के जर्जर खंभे को लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल पर की शिकायत
सदर नया बाजार क्षेत्र में बिजली के जर्जर खंभे के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। क्षेत्र के लोगों ने कई बार अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन अभी तक खंभा नहीं बदला गया है। सदर निवासी विनीत शर्मा ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत की है। उन्होंने बताया कि भगवती मातेश्वरी मंदिर के सामने यह खंभा नीचे से गल चुका है, जो कभी भी गिर सकता है। उन्होंने खंभे को बदलने की मांग की है। संवाद

बार के पास छलका रहे थे जाम, पुलिस ने पकड़ा
मेरठ कैंट में इंडाना बार के पास कार में बैठकर शराब पी रहे लोगों के खिलाफ लालकुर्ती पुलिस ने अभियान चलाया। इस दौरान कार चालकों को पकड़ लिया गया। उनकी कार सीज कर दी गई। माफी मांगने के बाद दोनों को छोड़ दिया गया। 

कंकरखेड़ा में महिला से हेड कांस्टेबल ने की छेड़छाड़, मारपीट 
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम एक महिला ने यूपी पुलिस मे तैनात हेड कांस्टेबल के खिलाफ छेड़छाड़ व मारपीट का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। भीड़ ने छेड़छाड़ के विरोध में हेड कांस्टेबल की जमकर पिटाई की। पीड़ित महिला ने तहरीर देते हुए जांच की मांग की। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में सरधना रोड स्थित डिफेंस एंक्लेव निवासी एक व्यक्ति यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल है। वर्तमान में उसकी तैनाती कानपुर में है। हेड कांस्टेबल तीन दिन की छुट्टी पर अपने घर आया हुआ है। बृहस्पतिवार रात में डिफेंस एंक्लेव निवासी एक महिला सरधना रोड के मेडिकल स्टोर से दवा लेने गई थी। वहीं पर हेड कांस्टेबल शराब के नशे में धुत था। आरोप है कि हेड कांस्टेबल ने महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। महिला के विरोध करने पर हेड कांस्टेबल ने उससे मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर भीड़ जमा हो गई, जिन्होंने हेड कांस्टेबल को पकड़कर पीट दिया। इससे हेड कांस्टेबल की बाएं आंख के नीचे, सिर और कमर पर चोट आई। मौकेे पर पहुंची पुलिस हेड कांस्टेबल को थाने ले गई, जहां महिला ने उस पर छेड़छाड़ और मारपीट का आरोप लगाया। थाना प्रभारी देवेश कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।

छेड़छाड़ की पीड़िता निराश लौटी
मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र की महिला शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस पहुंची। उसने आरोप लगाया कि 26 दिसंबर की रात को क्षेत्र के एक युवक ने उससे छेड़छाड़ की थी। उसने तहरीर दी थी। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल भी कराया और आरोपी को हिरासत लिया। आरोप है कि पुलिस ने कुछ देर बाद ही आरोपी को छोड़ दिया। इसके बाद उसकी सुनवाई नहीं की गई।इसी मामले में वह एसएसपी ऑफिस पहुंची। आरोप है कि यहां भी उसे नहीं मिलने दिया गया।

जेठ और देवर पर पीटने का आरोप लगाया
नौचंदी थाना क्षेत्र की महिला ने जेठ और देवर पर मारपीट का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी। एक कॉलोनी की महिला घायल हालत में थाने पहुंची। उसने पुलिस को बताया कि उसके जेठ और देवर ने छह महीने पहले उसका अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दोनों संबंध बनाने का दबाव बनाने लगे। पीड़िता ने छह महीने पहले भी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस ने शांति भंग में ही चालान किया। आरोप है कि बृहस्पतिवार रात जेठ और देवर ने महिला के पति के साथ मारपीट की तो पुलिस पति को ही उठाकर ले गई। अपने पति को थाने से छुड़ाकर घर पहुंची तो दोनों ने फिर से उनके साथ मारपीट की। 

बजरंग दल कार्यकर्ता के फोटो स्टूडियो पर हिस्ट्रीशीटर ने किया हमला, तनाव

भावनपुर थाना के गांव अब्दुलापुर में बजरंग दल के सहपरियोजना प्रमुख कृष्ण पाल के फोटो स्टूडियो में हिस्ट्रीशीटर ने साथियों के साथ मिलकर तोड़फोड़ कर दी। स्टूडियो पर बैठे उनके दो भतीजाें के साथ भी मारपीट की। इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच पथराव हो गया। आरोपी अपनी बुलट मौके पर छोड़कर फरार हो गए। लोगों ने आरोपियों की बुलट में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव अब्दुलापुर निवासी कृष्ण पाल बजरंग दल में सहपरियोजना प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि उसका भतीजा विनय पुत्र विनोद चैंपियन स्कूल में कक्षा-10 में पढ़ता है। वह स्कूल से आने के बाद मैदान में गिल्ली डंडा का खेल देखने पहुंच गया। इस दौरान उसके मुंह पर गिल्ली लग गई। जिसे लेकर बच्चों में मारपीट हो गई। इनमें हिस्ट्रीशीटर जिया अब्बास के परिवार के भी बच्चे थे। तब आसपास के लोगों ने मामला शांत करा दिया।

आरोप है कि इसे लेकर जिया अब्बास अपने छह साथियों के साथ उनके फोटो स्टूडियो पर पहुंचा और तोड़फोड़ कर दी। स्टूडियो में बैठे उनके भतीजे विनय और ध्रुव के साथ मारपीट कर दी। शोर शराबा होते देख कृष्णपाल पक्ष के लोग भी आ गए। जमकर मारपीट और पथराव शुरू हो गया। दूसरी ओर जिया अब्बास ने बताया कि वह अपने साथी मेंडा के साथ अपने भतीजे को लेने के लिए बुलट पर गया था। दूसरे पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट करते हुए बुलट में भी तोड़फोड़ की। वह अपनी जान बचाकर वहां से भाग आए।

गांव में तनाव व्याप्त
इस मामले में मारपीट और पथराव को देखते हुए क्षेत्र में तनाव व्याप्त हो गया। क्षेत्र के कुछ गणमान्य लोग भी मौके पर पहुंचे और समझौते के प्रयास में जुट गए। सीओ अंडर ट्रेनिंग नितिन तनेजा ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर आने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन

हाईवे पर लूटपाट, ढाबा संचालक दंपती और बच्चों पर हमला, फायरिंग
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात दिल्ली-देहरादून हाईवे पर बाइक सवार 8-10 युवकों ने जमकर अराजकता की। एक ढाबे पर तोड़फोड़ करते हुए संचालक दंपती और उनके दो बच्चों पर हमला कर दिया। तोड़फोड़ करते हुए नकदी और अन्य सामान लूट लिया। पीड़ितों को बचाने आए नजदीक स्थित होटल के सुरक्षा गार्डों पर भी फायरिंग की। सुरक्षा गार्डों ने जवाबी फायरिंग की तो एक बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।

नंगलाताशी निवासी चंद्रपाल पुत्र रिसाल सिंह का दिल्ली-देहरादून हाईवे पर पुराने एलआईसी कार्यालय के पास अन्नपूर्णा नाम से ढाबा है। बृहस्पतिवार रात वह पत्नी खुशबू और पुत्र छह वर्षीय पवन और तीन वर्षीय पुत्री खुशी के साथ ढाबे पर थे। रात करीब 12 बजे बाइकों पर सवार ये युवक पहुंचे और सामान लेकर बिना पैसे दिए जाने लगे। चंद्रपाल ने जब पैसे मांगे तो उसे धमकाया। विरोध करने पर उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। पत्नी और बच्चे बचाने आए तो उनसे भी मारपीट की। ढाबे में तोड़फोड़ की और गल्ले से तीन हजार रुपये की नकदी और अन्य सामान लूट लिया।

पीड़ितों के शोर मचाने पर पास स्थित एक होटल का संचालक और स्टाफ वहां आया तो हमलावराें ने फायरिंग कर दी। जवाब में होटल के सुरक्षा गार्डों ने भी फायरिंग की। इसके बाद बाइक सवार वहां से भागने लगे। एक बाइक छोड़कर हमलावर फरार हो गए। घटना के बाद घायल दंपती का उपचार कराया गया। रात में होटल संचालक ने पीड़ित परिवार को अपने यहां पनाह दी। जानकारी मिलने पुलिस पहुंची और हमलावरों की बाइक कब्जे में ले ली।

बताया गया कि कुछ युवक कासमपुर और कुछ डिफेंस एन्क्लेव स्थित डबल स्टोरी काॅलोनी के रहने वाले हैं। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस हमला और फायरिंग करने वाले युवकों की तलाश कर रही है। थाना प्रभारी का कहना है कि सूचना मिलने पर चौकी इंचार्ज को तत्काल मौके पर भेजा गया था। मामले की जांच की जा रही है।
 
हमले और फायरिंग से सहम गए मासूम, देर तक रोते रहे 
माता-पिता पर हुए हमले और तोड़फोड़ व फायरिंग से मासूम पवन और खुशी सहम गए। हमलावरों की अराजकता को देखकर वह रोने लगे। हमलावरों के जाने के बाद भी दोनों बच्चे काफी देर तक रोते रहे। माता-पिता ने किसी तरह उन्हें चुप कराया। घटना के बाद से पूरा परिवार दहशत में है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें