सीसीएसयू के सबसे बड़े मेरठ कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में रालोद-एनएसयूआई-समाजवादी छात्रसभा के गठबंधन और निर्दलियों की सरकार बनी। गठबंधन ने जहां अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर विजय पताका फहराई, वहीं निर्दलीय प्रत्याशियों ने महामंत्री और कोषाध्यक्ष पद कब्जा लिया। एबीवीपी के हिस्से मात्र संयुक्त सचिव का पद आया। अध्यक्ष पद पर जीते गठबंधन के शुभम मलिक ने सबसे ज्यादा रिकॉर्ड 1853 वोट हासिल किए। पुलिस ने विजयी प्रत्याशियों को सुरक्षा में घर छोड़ा। समर्थकों ने कॉलेज गेट से लेकर कैंप तक जश्न मनाया।
मंगलवार सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। वोटिंग के लिए सुबह से ही छात्रों की लाइन लगनी शुरू हो गई। समर्थक छात्रों को अपने वाहनों से कॉलेज लेकर पहुंचे। गेट पर वोट देने की गुहार भी लगाई। कॉलेज के शताब्दी द्वार पर भी प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ छात्रों से अपने पक्ष में वोट करने की अपील करते रहे। दोपहर दो बजे तक मतदान हुआ। कुल 9354 वोटों में से 2842 (30.38 फीसदी) छात्रों ने मतदान किया। शाम तीन बजे मतगणना शुरू हुई देर शाम सात बजे तक चली। सवा सात बजे कॉलेज प्राचार्य डॉ. बी कुमार ने विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की और उन्हें शपथ ग्रहण कराई।
रिकॉर्ड मतों से जीते शुभम मलिक
अध्यक्ष पद पर खड़े गठबंधन प्रत्याशी शुभम मलिक ने रिकॉर्ड 1853 वोट हासिल की। उन्होंने एबीवीपी के अक्षय बालियान को 1032 वोट से हराया। तीसरे नंबर पर रहे निर्दलीय अंकुर कुमार को 114 वोट मिले।
कोषाध्यक्ष पद पर रही सबसे छोटी जीत
कोषाध्यक्ष पद पर सबसे छोटी जीत हासिल हुई। इस पद पर जीते निर्दलीय हर्षित कुमार ने 928 वोट लेकर एबीवीपी के आशुतोष शर्मा को 69 वोट से हराया। संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी के तरुण कुमार जाटव ने किशन शर्मा को 390 वोट से हराया। उपाध्यक्ष पद पर रालोद गठबंधन की शालिनी ने निर्दलीय शालिनी चौधरी को 97 वोट से हराया। महामंत्री पद पर निर्दलीय शुभम कुमार ने गठबंधन के श्याम सुंदर त्यागी को 118 मतों से हराया।
ये रहा चुनाव का परिणाम
अध्यक्ष पद पर
नाम पैनल मिले वोट
शुभम मलिक गठबंधन 1853 विजयी
अक्षक कुमार बालियान एबीवीपी 821
अंकुर कुमार निर्दलीय 114
उपाध्यक्ष पद पर
शालिनी गठबंधन 850 विजयी
शालिनी चौधरी निर्दलीय 753
प्रिया चौधरी निर्दलीय 685
महिमा चौधरी एबीवीपी 488
महामंत्री पद पर
शुभम कुमार निर्दलीय 1261 विजयी
श्याम सुंदर त्यागी गठबंधन 1143
कमल मित्तल एबीवीपी 370
संयुक्त सचिव पद पर
तरुण कुमार एबीवीपी 1234 विजयी
किशन शर्मा निर्दलीय 844
विशांत कुमार गठबंधन 702
कोषाध्यक्ष पद पर
हर्षित कुमार निर्दलीय 928 विजयी
आशुतोष शर्मा एबीवीपी 859
शादाब गठबंधन 746
राकेश कुमार निर्दलीय 234