शोहदों से तंग आ चुकीं शहर की बेटियों की आवाज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास तक पहुंच गई हैं। सीएम योगी ने पुलिस-प्रशासन की जमकर क्लास लगाते हुए एंटी रोमियो स्क्वॉयड को एक्टिव करने के निर्देश दिए। जिसके बाद सभी थानों के एंटी रोमियो स्क्वॉयड का सीयूजी नंबर जारी कर दिया गया है। मनचलों की शिकायत इन नंबरों पर दर्ज कराई जाए। मुख्यमंत्री ने पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों के साथ शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग में कहा कि बेटियों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है। किसी अधिकारी की इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अमर उजाला ने उठाया था मुद्दा
बेटियों से रोजाना छेड़खानी की शिकायतों का मामला अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया। बेटियों शोहदों के डर से दहशत में हैं। चार दिनों से शहर में बेटियों से छेड़छाड़ की घटना और एंटी रोमियो स्क्वॉयड के गायब होने को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया है। इसकी शिकायत लोगों ने लखनऊ तक की, जिसका मुख्यमंत्री ने संज्ञान ले लिया।