Meerut News: मेरठ के परतापुर क्षेत्र में स्कूल जा रही 11वीं की छात्रा का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ ड्रोन सर्च अभियान चलाकर छात्रा को गांव के बाहर खेतों से सकुशल बरामद कर लिया। मामले की जांच जारी है।
मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े 11वीं कक्षा की छात्रा के अपहरण की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया। छात्रा घर से स्कूल के लिए निकली थी, तभी बदमाश उसे अपने साथ ले गए। कुछ दूरी पर सड़क किनारे छात्रा का स्कूल बैग और साइकिल मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू किया। ग्रामीणों की मदद से आसपास के खेतों में तलाश की गई। पुलिस ने ड्रोन की सहायता से भी इलाके की निगरानी कराई।
सर्च अभियान के दौरान छात्रा को गांव के बाहर खेतों से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा का अपहरण किन परिस्थितियों में हुआ और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।