पूर्व विधायक ने एसपी देहात राकेश मिश्रा, एडीएम प्रशासन सत्य प्रकाश, एसडीएम उदित नारायण सेंगर सहित अन्य अधिकारियों को सड़क पर ही बैठा लिया। उन्होंने कहा कि यह समाजवादी पार्टी या बहुजन समाज पार्टी की सरकार नहीं है। यहां योगी आदित्यनाथ की सरकार है, जहां गुंडई नहीं चल सकती। उन्होंने यह भी कहा कि यदि दोषियों को जल्द जेल नहीं भेजा गया, तो वे स्वयं धरने पर बैठेंगे और उनके साथ एक लाख से अधिक लोग सड़क पर उतर आएंगे। सिवालखास के पूर्व विधायक जितेंद्र सतवाई भी मौजूद रहे।
भगवान भरोसे चल रहा मेरठ
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, तो संगीत सोम ने कहा कि सेना के जवान का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व विधायक का यह बयान सुनकर माहौल और अधिक गर्म हो गया। हालांकि स्थिति नियंत्रण में रही।
संगीत सोम ने कहा कि मेरठ जिला भगवान भरोसे चल रहा है। अधिकारी नींद में हैं और गुंडई चरम पर है, लेकिन अब ऐसा नहीं चलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जवानों के सम्मान की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाया जाएगा। एसपी देहात राकेश मिश्रा ने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
लखनऊ तक गूंजा मामला
सैन्यकर्मी कपिल से मारपीट का मामला लखनऊ तक गूंज गया। लखनऊ स्थित मध्य कमान मुख्यालय से इस मामले की भर्त्सना की गई है। जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि मध्य कमान ने पुलिस प्रशासन से गंभीरता से जांच की उम्मीद जताई है।
ऐसा व्यवहार निंदनीय : एनएचएआई
एनएचएआई के परियोजना निदेशक नरेंद्र सिंह का कहना है कि वह टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों का ऐसा व्यवहार निंदनीय है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर यात्रियों को सुरक्षित और निर्बाध यात्रा का अनुभव मिले। एनएचएआई ने भूनी टोल प्लाजा पर तैनात टोलकर्मियों द्वारा सेना के जवान कपिल के साथ किए गए दुर्व्यवहार को गंभीरता से लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
सरधना में मेरठ-करनाल हाईवे के भूनी टोल पर रविवार रात करीब नौ बजे सेना के जवान कपिल के साथ हुई बर्बर मारपीट से पूरे क्षेत्र में आक्रोश है। मारपीट के दौरान कपिल के चचेरे भाई शिवम और पिता कृष्णपाल भी मौजूद थे। उन्हें भी मारपीट में चोटें आई हैं। पिता की ओर से सरूरपुर थाने में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया था।
कृष्णपाल ने बताया कि उनका बेटा कपिल श्रीनगर में राजपूत बटालियन में तैनात है। ऑपेरशन सिंदूर के बाद वह कांवड़ यात्रा के दौरान 28 दिन की छुट्टी पर आए थे। सोमवार को उन्हें अपनी बटालियन में आमद करानी थी। सोमवार की सुबह पांच बजे दिल्ली से श्रीनगर की फ्लाइट थी। वे अपने बेटे को रविवार रात दिल्ली एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे। उनके साथ कपिल का चचेरा भाई शिवम और परिवार का युवक सुधीर भी थे। वह भूनी टोल पर पहुंचे तो टोल पर वाहनों की लंबी लाइन लगी हुई थी।
टोल कर्मचारियों की किसी कार चालक से कहासुनी हो रही थी। टोल प्लाजा पर जब कपिल ने टोलकर्मियों से निवेदन किया कि फ्लाइट के समय को देखते हुए जल्दी निकलने दें तो टोलकर्मियों ने अभद्रता की और कहा कि तू कहीं का जज है क्या। इसके बाद कहासुनी बढ़ गई और दो युवकों ने कपिल के हाथ पकड़ लिए। उसके बाद करीब आठ-दस लोगों ने डंडों और लात-घूंसों से कपिल को बेरहमी से पीटा। उन्होंने भाग कर जान बचाई।
रवि ने सबसे पहले मारपीट की
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा के अनुसार भूनी टोल प्लाजा पर रवि नामक टोलकर्मी ने सबसे पहले सेना के जवान कपिल के साथ मारपीट की। इसके बाद छुर निवासी बिट्टू, उसके भाई अंकित ने जवान को खंबे के हाथ पीछे बांधे और अन्य हमलावरों सचिन, विजय, अनुज, सुरेश राणा आदि ने हमला किया। एसपी देहात ने बताया कि रवि समेत अन्य आरोपियो की तलाश की जा रही है।
खंभे से बांधकर लाठी डंडे से पिटाई की, ईंट से भी किया हमला
सेना के जवान कपिल ने पुलिस को दर्ज कराए बयान में बताया कि वह पिता कृष्णपाल, चचेरे भाई शिवम के साथ दिल्ली एयरपोर्ट पर जा रहा था। भूनी टोल प्लाजा पर वाहनों की लाइन लगी थी। उसने कार से नीचे उतर कर टोल कर्मचारियो को अपना परिचय दिया।
आई कार्ड दिखाया और आग्रह किया कि ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए फ्लाइट पकड़ कर श्रीनगर जाना है, इसलिए कार को जल्दी निकलवा दे। जिस पर टोल कर्मियों ने ऐसा करने से इंकार कर दिया और कहा कि नंबर आने पर ही कार निकलेगी। उन्होंने आईकार्ड को भी छीन लिया। इसका विरोध करने पर टोल कर्मियों ने उस पर हमला कर दिया। उसे वहां एक खंभे से बांधकर लाठी डंडे से पिटाई की। ईंट से भी हमला किया।
उसका चचेरा भाई शिवम बचाने आया तो उसके साथ भी मारपीट की। तब उसके पिता कार से उतरकर आए और उसे हमलावरों से छुड़ाया। रविवार रात में ही जवान कपिल का पुलिस ने सरूरपुर सीएचसी में उपचार कराया, जहां से उसे मिलिट्री अस्पताल मेरठ कैंट रेफर कर दिया गया।
परिजनों ने देर रात को उसे मेरठ लाकर भर्ती कराया। एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जवान कपिल के चेहरे पर किसी धारदार हथियार से कट लगा है जिससे चेहरे पर गंभीर चोट आई है। कंधे, कमर और पैरों पर मांसपेशियों में भी गंभीर चोट लगी है। मिलिट्री अस्पताल में उपचार चल रहा है। इस घटना के कारण वो अपनी ड्यूटी पर नहीं जा सके है।