सरूरपुर थाना क्षेत्र के गांव रासना में दो घरों में घुसकर आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहटा थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर निवासी अनस उर्फ भूरा पुत्र यामीन के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम के पीछा करने पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के आभूषण, 22 हजार रुपये नकदी और चोरी की स्प्लेंडर बाइक बरामद की है।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि करीब चार दिन पहले गांव रासना में दो घरों में चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी। जांच के दौरान अनस उर्फ भूरा का नाम प्रकाश में आया। आरोपी थाना रोहटा से 25 हजार रुपये का इनामी है। मंगलवार देर रात सरूरपुर पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी बाइक लेकर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो उसकी बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में उसके बाएं हाथ में चोट लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के कब्जे से सोनू के एक जोड़ी कुंडल, चांदी की पांच अंगूठियां, एक जोड़ी पाजेब, एक जोड़ी बिछुए और चांदी के दो सिक्के बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 22 हजार रुपये नकदी और चोरी की एक स्प्लेंडर बाइक भी बरामद हुई है। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।