दिल्ली में हुआ प्रतियोगिता का आयोजन, अलका तोमर और चौधरी कल्याण सिंह ने किया उद्घाटन
मेरठ। दिल्ली के प्रह्लादपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 23 और 24 नवंबर को भारत केसरी एवं एशियाड चैंपियन स्वर्गीय मास्टर चंदगीराम की स्मृति में दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में मेरठ का विशेष प्रतिनिधित्व रहा।
जिला मेरठ कुश्ती संघ के संरक्षक एवं जाट महासभा के पूर्व जिलाध्यक्ष चौधरी कल्याण सिंह और अर्जुन अवाॅर्ड प्राप्त अंतरराष्ट्रीय पहलवान अलका तोमर ने पहली कुश्ती की शुरुआत कराई और प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर आयोजक मंडल की ओर से चौधरी कल्याण सिंह, उनकी पत्नी कमलेश और वर्ष 2010 राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता अलका तोमर को पारंपरिक पगड़ी और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
उद्घाटन के दौरान चौधरी कल्याण सिंह ने कहा कि स्वर्गीय मास्टर चंदगीराम ने भारतीय कुश्ती को नई पहचान दिलाने में ऐतिहासिक योगदान दिया। युवा पहलवानों को उनके जीवन और उपलब्धियों से प्रेरणा लेकर खेल भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। अलका तोमर ने महिला और पुरुष पहलवानों का उत्साहवर्धन करते हुए पारंपरिक कुश्ती को बढ़ावा देने के लिए आयोजकों के प्रयासों की सराहना की। दंगल में महिला और पुरुष दोनों वर्गों के पहलवानों ने विभिन्न भार वर्गों में रोमांचक मुकाबले खेले।