मेरठ यूनिट ने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदाता दिवस पर लगाए शिविरों में 576 यूनिट ब्लड एकत्र किया। मेरठ में तीन रक्तदान शिविरों में 346 यूनिट रक्त एकत्र किया। इनमें मेडिकल कॉलेज में 187 यूनिट, कोटपाल हास्पिटल में 91 और जिला अस्पताल में 68 यूनिट रक्त एकत्र किया गया।
मेरठ में युवाओं व महिलाओं ने परिवार के साथ रक्तदान किया। मेडिकल कॉलेज में शिविर का शुभारंभ दक्षिण विधायक सोमेंद्र तोमर और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केके गुप्ता एवं एसआईसी (प्रमुख अधीक्षक) डॉ. विभु साहनी ने किया। जिला अस्पताल में सीएमएस डॉ. पीके बंसल एवं रक्तकोष प्रभारी डॉ. कौशलेंद्र ने उद्घाटन किया। कोटपाल नर्सिंग होम में शिविर का शुभारंभ अस्पताल के एमडी डॉ. प्रदीप कोटपाल, चेयरमैन डॉ. आदिप कोटवाल, डायरेक्टर आरती व अवनीश कोटपाल ने किया। यहां जिला अस्पताल से डॉ. विक्रम सिंह के निर्देशन में टीम ने रक्तदान कराया। सभी रक्तदाताओं को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सहारनपुर जिला अस्पताल में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में 75 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। डीएम पीके पांडेय ने शिविर का शुभारंभ किया। सबसे पहले एक ही परिवार के सात लोगों ने एक साथ रक्तदान किया। मुजफ्फरनगर जिला अस्पताल में अमर उजाला की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में 70 यूनिट रक्त एकत्र हुआ है। बागपत में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से अग्रवाल मंडी टटीरी की अग्रवाल धर्मशाला में रक्तदान शिविर ंका आयोजन किया गया। यहां कुल 60 लोगों ने रक्तदान किया। 25 लोगों ने निकट भविष्य में रक्तदान के लिए भावी रक्तदाता के तौर पर पंजीकरण कराया है। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने शुभारंभ किया और सांसद डॉ सत्यपाल सिंह ने प्रमाणपत्र वितरित किए। बिजनौर में 25 लोगों ने रक्तदान किया।