- गेम सिटी एरेना में अंडर-14 वर्ग के टूर्नामेंट में मैच खेला गया
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। किला रोड स्थित गेम सिटी एरेना में चल रहे 8वें अंडर 14 क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को मेरठ ब्लास्टर और जीसीए की टीम के बीच मैच हुआ। इसमें मेरठ ब्लास्टर की टीम ने 57 रन से जीत प्राप्त की।
टॉस जीतकर मेरठ ब्लास्टर क्रिकेट एकेडमी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 38.4 ओवर में सभी विकेट खोकर 227 रन बनाए। टीम की ओर से राजवंश चौधरी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 72 रन बनाए जबकि शिवम निषाद ने 32 रनों की पारी खेली। जीसीए क्रिकेट एकेडमी की ओर से आरव तोमर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए। उजैर चौहान ने दो विकेट लिए, जबकि विवान मसंद, भाविश और भाव्य को 1-1 विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीसीए क्रिकेट एकेडमी की टीम 36.5 ओवर में 170 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से विवान मसंद ने 36 गेंदों में 35 रन बनाए जबकि आरव तोमर ने 33 रन और शौर्य कुमार ने 31 रनों का योगदान दिया। मेरठ ब्लास्टर क्रिकेट एकेडमी की ओर से अथर्व अजीत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। कृष्णा ने दो विकेट लिएजबकि शिवा सैनी, रोहन यादव और अभिनव ने 1-1 विकेट हासिल किया। शानदार प्रदर्शन के लिए अथर्व अजीत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। अंत में गेम सिटी एरेना के प्रबंधक नलिन अग्रवाल ने विजेता टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।