मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर स्थित मोड़ पर सोमवार सुबह भोजपुर से मवाना जा रहे दो युवकों की बाइक रेलिंग से टकरा गई। बाइक पर पीछे बैठा बिट्टू उछलकर एक्सप्रेसवे से 15 फिट नीचे जा गिरा। जबकि बाइक चला रहा चंचल एक्सप्रेसवे पर गिर गया। हादसे में बिट्टू गंभीर रूप से घायल हुआ। हालांकि पुलिस को हादसे की सूचना नहीं दी गई है।
प्रतिबंध के बावजूद एक्सप्रेसवे पर लगातार बाइक और दोपहिया वाहन दौड़ रहे हैं। आए दिन दोपहिया वाहन सवार हादसे का शिकार हो रहे हैं। सोमवार सुबह भोजपुर निवासी चंचल कुमार और बिट्टू मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे से होकर मवाना जा रहे थे। परतापुर के पास एक्सप्रेसवे स्थित गोल चक्कर के मोड़ पर उनकी सीडी डीलक्स बाइक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकरा गई। इसके बाद दोनों बाइक सवार हादसे का शिकार हो गए। चंचल को कम चोट आई है। वहीं, बिट्टू खेत में गिरा। लेकिन ऊंचाई से गिरने के कारण बिट्टू की हालत चिंताजनक बताई गई है।
टोल मैनेजर श्याम सिंह व अन्य टोलकर्मी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। डासना और काशी टोल प्लाजा पर बाइक चालकों को रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मी खडे रहते हैं। इसके बावजूद बाइक सवार एक्सप्रेसवे पर चढ़ जाते हैं। एसपी ट्रैफिक राघवेंद्र कुमार मिश्रा का कहना है कि हादसे की सूचना नहीं मिली है। लेकिन एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहन को चढ़ने से रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।