जानीखुर्द। मेरठ-बागपत मार्ग पर शुक्रवार रात गांव डालूहेड़ा के पास एक बाइक सवार 50 वर्षीय व्यक्ति को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में घायल हुए बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव कुराली निवासी संजय (50) पुत्र वेदराम गांव में ही टेलर मास्टर थे। शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह अपनी बाइक से बागपत से वापस अपने गांव कुराली लौट रहे थे। जैसे ही वह मेरठ-बागपत मार्ग पर गांव डालूहेड़ा के समीप पहुंचे, तभी एक ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से संजय सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर भाग निकला। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।