फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut: नकल के आरोप से आहत बीटेक छात्रा ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, हालत गंभीर

Wed, 05 Aug 2026 06:34 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

सार

मेरठ के सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एसवीपीयूएटी) में बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा ने कथित रूप से परीक्षा में नकल के आरोप से आहत होकर तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। छात्रा का आरोप है कि उसकी उत्तर पुस्तिका फाड़ दी गई थी और उसकी बात नहीं सुनी गई। घटना के बाद कुलपति ने पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

विज्ञापन
अस्पताल में भर्ती छात्रा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मेरठ के मोदीपुरम स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एसवीपीयूएटी) में बुधवार को एक बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा ने तीसरी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल छात्रा का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन


गणित की परीक्षा में लगा था नकल का आरोप
जानकारी के अनुसार, गंगानगर थाना क्षेत्र के कसेरू बक्सर गांव निवासी छात्रा शिवानी बीटेक द्वितीय वर्ष की छात्रा है। वह प्रतिदिन घर से विश्वविद्यालय आकर पढ़ाई करती है। छात्रा का कहना है कि 29 जुलाई को आयोजित गणित की परीक्षा के दौरान उस पर नकल करने का आरोप लगाया गया था।

छात्रा का आरोप है कि उसने नकल नहीं की थी, लेकिन परीक्षा के दौरान उसकी उत्तर पुस्तिका फाड़ दी गई, जिससे वह मानसिक रूप से बेहद आहत हो गई।
विज्ञापन

'रात में नींद भी नहीं आ रही थी'
छात्रा के अनुसार, घटना के बाद से वह लगातार तनाव में थी और कई दिनों से ठीक से सो भी नहीं पा रही थी। उसका कहना है कि उसने अपनी बात संबंधित शिक्षक के सामने रखने की कोशिश की, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। छात्रा का यह भी कहना है कि यदि उसने वास्तव में नकल की होती, तो पिछले सेमेस्टरों में उसके अच्छे अंक नहीं आते।

डीन से मुलाकात नहीं होने के बाद उठाया कदम
बताया गया कि बुधवार को छात्रा अपनी शिकायत लेकर विश्वविद्यालय की डीन से मिलने पहुंची थी। आरोप है कि मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद वह और अधिक निराश हो गई और विश्वविद्यालय की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और अन्य लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया।

कुलपति ने दिए जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. त्रिवेणी दत्त ने कहा कि मामला गंभीर है और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सीओ दौराला शिव ठाकुर ने बताया कि छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें