यह था मामला
27 अप्रैल को हापुड़ कोतवाली पुलिस चेक बाउंस के मामले में टीपीनगर निवासी चेतन प्रकाश गर्ग को उठाकर ले जा रही थी। उनकी पत्नी चित्रा और भतीजा मोहित गर्ग स्कूटी से उनका पीछा कर रहा था। घोसीपुरा के नजदीक कैंटर ने दोनों को कुचल दिया था, जिसमें उनकी मौत हो गई थी। इस मामले में परिजनों ने तरफ से खरखौदा थाने और टीपी नगर थाने में तहरीर दे रखी है। खरखौदा वाला मामला पुलिस ने दर्ज कर लिया है। इसमें डाॅ. संजीव अग्रवाल, पुलिसकर्मी, कैंटर चालक पर गैरइरातदन हत्या का केस दर्ज किया गया है।
टीपी नगर थाने में जांच पूरी अधिकारियों को भेजी रिपोर्ट
उधर, मृतक मोहित गर्ग के पिता प्रमोद गर्ग की तरफ से टीपीनगर थाने में जो तहरीर दी गई थी, उस पर पुलिस ने जांच पूरी कर ली है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि जिस समय डाॅ. संजीव अग्रवाल और हापुड़ पुलिस मकान पर पहुंची तो उन्होंने परिवार की बेटी के साथ भी छेड़छाड़ की थी, जिसका मामला दर्ज होना चाहिए। वहीं, टीपीनगर थाना प्रभारी संतशरण सिंह का कहना है कि जो शिकायत दी गई थी, उस पर थानास्तर से जांच पूरी कर ली गई है। इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। अधिकारियों के आदेश के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
कैंटर चालक हिरासत में, स्कॉर्पियो की फोरेंसिक टीम करेगी जांच
इस मामले में खरखौदा पुलिस ने कैंटर चालक हिरासत में लिया है। चालक से पूछताछ की जा रही है कि जिस समय चाची-भतीजा कैंटर के नीचे आए तो वह स्कूटी पर थे या पहले से ही स्कार्पियो की टक्कर से सड़क पर पड़े हुए थे। हादसे के बाद वह फरार होकर कहां छिपा हुआ था, इस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, स्कार्पियो की फोरेंसिक टीम से जांच करवाई जाएगी ताकि पता चले कि उससे टक्कर हुई है या नहीं।
उत्पीड़न नहीं होने देंगे : वाजपेयी
राज्यसभा सदस्य डाॅ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी की तरफ से भी रविवार को वीडियो जारी किया गया। इसमें वह बता रहे हैं कि पूरे मामले में हापुड़ पुलिस की लापरवाही रही है। उन्होंने परिजनों को भी यह नहीं बताया कि चेतन प्रकाश गर्ग को कहां लेकर जा रहे हैं। वह जमानती वारंट पर थे, उन्हें टीपी नगर थाने से जमानत देकर छोड़ देना चाहिए था, लेकिन पुलिस ने ऐसा नहीं किया। हापुड़ पुलिस की वजह से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस पर केस दर्ज होना चाहिए। उन्होंने आईजी से जांच की मांग करते हुए कहा कि यह मेरठ है। इस तरीके से जनता का उत्पीड़न नहीं होने देंगे।
खरखौदा थाने में जो तहरीर दी गई थी, उस पर केस दर्ज कर लिया गया था। टीपीनगर थाने में दी गई तहरीर पर जांच चल रही है। जांच के बाद जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई की जाएगी। - कमलेश बहादुर, एसपी देहात