सराय काजी क्षेत्र में कोचिंग से निकली 7वीं की छात्रा का दो युवकों ने बृहस्पतिवार शाम अपहरण का प्रयास किया। हालांकि छात्रा आरोपी बाइक सवारों से भिड़ गई और शोर मचा दिया। इस दौरान खींतचान में छात्रा के कपड़े भी फट गए। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए और आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया। सूचना पर पीड़ित परिजन मौके पर पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हंगामा किया। पुलिस ने छेड़छाड़, अपहरण का प्रयास, पॉक्सो, एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया और मुख्य आरोपी राजा को गिरफ्तार कर लिया।
मेडिकल थाना क्षेत्र निवासी कक्षा 7वीं की छात्रा शाम साढ़े पांच बजे कोचिंग से निकलकर घर जा रही थी। कुछ दूर जाते ही बाइक पर सवार सराय काजी निवासी राजा अपने एक साथी को लेकर पहुंचा। आरोपी ने छात्रा का रास्ता रोक लिया और जबरन बाइक पर बैठने के लिए कहा।
खींचतान में छात्रा के कपड़े तक फट गए। छात्रा ने शोर मचाया तो आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि मौका पाकर आरोपी भाग गए। सूचना के बाद छात्रा के परिजन भी मौके पर पहुंचे और पीड़िता को थाने ले गए। छात्रा के परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। आला अधिकारियों ने प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जांच सीओ सिविल लाइन को दी है।
जबरन दोस्ती करना चाह रहा था आरोपी
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी राजा भी पढ़ाई कर रहा है, लेकिन वह छात्रा से दोस्ती करना चाहता था। जबकि छात्रा इसका विरोध कर रही थी। बृहस्पतिवार को आरोपी कोचिंग तक पीछा करता हुआ पहुंच गया।
ये बोले सीओ
एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि दूसरे को गिरफ्तार करने का प्रयास जारी है। एंटी रोमियो स्क्वाड टीम को कोचिंग और स्कूलों के आसपास गश्त करने के निर्देश दिए है।
- अभिषेक तिवारी, सीओ सिविल लाइन।