हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के खिम्मीपुरा खोला के जंगल में शनिवार को स्वाट टीम और थाना पुलिस ने हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी। मौके से भारी मात्रा में अवैध असलहे और उन्हें बनाने के उपकरणों सहित तीन आरोपी ताज ताजमोहम्मद निवासी गांव ललियाना थाना किठौर, सोनू निवासी गांव खिम्मीपुरा मखदूमपुर और सूरज निवासी मवाना को गिरफ्तार किया। पुलिस चौथे आरोपी बिजेंद्र निवासी ग्राम खोडदयालपुर की तलाश कर रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि मिली सूचना के आधार पर शनिवार को स्वाट टीम व थाना पुलिस ने खिम्मीपुरा खोला के जंगल में घेराबंदी करके यह फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस को देखकर आरोपियों ने भागने का प्रयास किया लेकिन मौके से ताज मौहम्मद, सोनू और सूरज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में सूरज और सोनू ने बताया कि दोनों ताज मोहम्मद के कहने पर अवैध हथियारों को मेरठ और आसपास के जिलों में सप्लाई करते थे।
पुलिस को मौके से दो बंदूक 315 बोर, एक पिस्टल 315 बोर, एक 312 बोर, पांच तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 312 बोर, दो अधबने तमंचे 315 बोर, 36 ब्लेड लोहा काटने के 36, 12 स्प्रिंग लोहे, 12 लोहे की पत्ती छोटी बड़ी समेत अन्य उपकरण बरामद हुए। एसपी देहात अभिजीत कुमार का कहना है कि तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एक टीम लगी हुई है। जल्द आरोपी को पकड़ लिया गया है।