सांस और आंखों पर पड़ सकता है असर
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संजीव शर्मा के मुताबिक, बढ़ते वायु प्रदूषण का सबसे अधिक असर सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों, बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ सकता है। हवा में मौजूद सूक्ष्म कण पीएम 2.5 और पीएम 10 सांस के साथ फेफड़ों तक पहुंचकर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से खांसी, गले में खराश, सांस लेने में परेशानी, सीने में जकड़न और आंखों में जलन हो सकती है। अस्थमा और एलर्जी के मरीजों की परेशानी भी बढ़ सकती है। लंबे समय तक प्रदूषित हवा में रहने से फेफड़ों की कार्यक्षमता प्रभावित होने के साथ हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
प्रदूषण से बचाव के लिए बरतें सावधानी
प्रदूषण का स्तर अधिक रहने पर सुबह और शाम खुले में टहलने या व्यायाम करने से बचना चाहिए। जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें और एन-95 मास्क का इस्तेमाल करें। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
सांस संबंधी परेशानी होने पर चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। घरों में खिड़कियां बंद रखने और धूल-धुएं के संपर्क से बचने का प्रयास करें।