परतापुर थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्षीय कक्षा दो की छात्रा से दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि बृहस्पतिवार शाम पड़ोसी के घर जन्मदिन में गई आठ वर्षीय बच्ची से आरोपी बंटी ने दरिंदगी की कोशिश की। आरोपी का हाथ चबाकर बच्ची छूटकर परिजनों के पास पहुंची और घटना की जानकारी दी।
परिजन बच्ची को लेकर परतापुर थाने पहुंचे और तहरीर दी। पुलिस ने पॉक्सो और दुष्कर्म के प्रयास आदि धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की है।
परतापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए पीड़ित पिता ने बताया कि उसकी आठ वर्षीय बेटी गांव के एक स्कूल में कक्षा दो में पढ़ती है। बृहस्पतिवार शाम को वह पड़ोसी की बेटी के जन्मदिन में गई थी। वापस आते समय आरोपी बंटी ने बच्ची को रोक लिया और उसे अपने मकान में लेकर जाकर दुष्कर्म की कोशिश की।
बच्ची ने अनहोनी की आशंका को भांपते हुए उसके हाथ पर काट लिया और शोर मचाते हुए घर पहुंची और अपनी मां को को घटना की जानकारी दी। इसके बाद गुस्साए परिजन आरोपी घर पहुंचे तो वह भाग गया।
शुक्रवार सुबह परिजन परतापुर थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगी है।