भीषण गर्मी और लू के कारण जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने कक्षा आठ तक के स्कूलों को 31 मई तक बंद करने का आदेश दिया है। कक्षा नौ से 12 तक के स्कूलों को भी जल्दी परीक्षा समाप्त करके स्कूल बंद करने को कहा है।
जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सीएमओ ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर भीषण गर्मी पड़ने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने के कारण लू का प्रकोप चल रहा है। ऐसे में स्कूल जाने वाले छात्रों को लू लगने की प्रबल आशंका बनी हुई है।
लू लगने पर बच्चों में डिहाईड्रेशन और बीमार होने का खतरा बना रहता है, जिससे उनकी जान को खतरा बना हुआ है। इस पर डीएम ने सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड, मदरसा बोर्ड, संस्कृत बोर्ड, अन्य बोर्ड एवं बेसिक शिक्षा परिषद से मान्यता प्राप्त स्कूलों के लिए आदेश जारी कर दिए। जिन विद्यालयों में पूर्व से ही अवकाश घोषित हैं, वह विद्यालय यथावत बंद रहेंगे।
प्री-नर्सरी, नर्सरी से कक्षा आठ तक सभी विद्यालय 31 मई तक बंद रहेंगे। कक्षा नौ से 12 तक के स्कूलों में अगर परीक्षाएं चल रही हैं, तो उन्हें शीघ्र पूरा कराएं। परीक्षाएं नहीं होने पर कक्षा नौ से 12 तक के विद्यालय भी 31 मई तक बंद रहेंगे। समर कैंप वाले विद्यालयों में समर कैंप चलते रहेंगे।