मेरठ में कान्हा उपवन योजना के तहत बराल, परतापुर में नगर निगम 15 करोड़ की लागत से 7 हेक्टेयर जमीन में स्थायी गोशाला का निर्माण करेगा। यह बात शुक्रवार को अस्थायी गोवंशशाला का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने कही। उन्होंने बताया कि गोशाला की डीपीआर तैयार कर शासन को स्वीकृति के लिए भेज दी गई है।
नगर निगम ने अस्थायी गोशाला सूरजकुंड स्थित अपने डीपो, सूरज कुंड स्थित कांजी हाउस व अच्छरौडा में एक फैक्ट्री में बनाई है। जिलाधिकारी अनिल ढींगरा ने नगर निगम अधिकारियों के साथ इन अस्थायी गोशालाओं का मुआयना किया व आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन द्वारा कान्हा उपवन योजना प्रदेश के सभी जनपदों में चलाई जा रही है। जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि गोवंशों को खुला छोड़ने वालों पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।