संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। पर्यावरण संरक्षण और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को मनोहरपुर कॉलोनी स्थित राजकीय पशुधन कृषि प्रक्षेत्र में महर्षि चरक औषधि वन की स्थापना के तहत पौधरोपण किया गया। वन विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण कर हरित वातावरण बनाने का संदेश दिया गया।
राजकीय पशुधन कृषि प्रक्षेत्र के प्रबंधक अर्जुन सिंह और भाजपा जिला मंत्री सुनील पोसवाल ने पौधरोपण कर हस्तिनापुर को अधिक हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान औषधीय महत्व रखने वाले अशोक, अर्जुन, बहेड़ा, हरड़, आंवला, पीपल, पिलखन, बरगद और कचनार सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए।
वन क्षेत्राधिकारी खुशबू उपाध्याय ने कहा कि महर्षि चरक के नाम पर विकसित किया जा रहा यह औषधि वन भविष्य में लोगों के लिए औषधीय पौधों की जानकारी का केंद्र बनने के साथ-साथ स्वच्छ वातावरण और बेहतर स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण स्रोत भी होगा।
भाजपा जिला मंत्री सुनील पोसवाल ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक व्यक्ति लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए।